इस दिवाली घर पर बनाएं प्रोटीन से भरी स्वादिष्ट 'मूंगफली कतली', जानें इसकी रेसिपी

0
6

नई दिल्ली: त्योहारों पर मिठाइयों की बात हो और काजू कतली का जिक्र न आए, ऐसा कम ही होता है। दिवाली के दौरान इसकी मांग बढ़ने के साथ कीमतें भी काफी महंगी हो जाती हैं। दूसरी ओर, बाजार में मिलावट की बढ़ती खबरें लोगों को घर पर मिठाई बनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। अगर आप भी महंगाई और मिलावट से परेशान हैं, और इस बार कुछ सस्ता, स्वादिष्ट और हेल्थी ऑप्शन ढूंढ रहे हैं, तो आप प्रोटीन से भरी मूंगफली कतली बना सकते हैं। इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है।

मूंगफली कतली बनाने के लिए आपको 2-3 कप मूंगफली, 2 बड़े चम्मच दूध पाउडर, 1 कप नेचुरल शुगर-फ्री स्वीटनर, आधा कप पानी, 1 छोटा चम्मच घी या तेल और एक चौथाई चम्मच इलायची पाउडर चाहिए।

ऐसे तैयार करें मूंगफली का पाउडर

मूंगफली कतली मिठाई बनाने के लिए सबसे पहले 2 कप मूंगफली को कड़ाही में डालकर धीमी आंच पर भून लें। मूंगफली को तब तक भूनें जब तक उसके छिलके ढीले होकर अलग न हो जाए। भूनने के बाद एक बड़ी सी थाली में मूंगफली को निकालकर  ठंडा होने के लिए छोड़ दें। मूंगफली ठंडी होने के बाद उन्हें दोनों हाथों में लेकर रगड़ें और सारे छिलके उतार लें।

दूसरे स्टेप में भुनी हुई मूंगफली को थोड़ा-थोड़ा मात्रा में मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें। मूंगफली के पाउडर को छलनी से छानकर चेक करें कि उसमें कोई गांठ न रह जाए। अब एक बड़े कटोरे में मूंगफली पाउडर डालें। उसमें 2 बड़े चम्मच दूध पाउडर और 1/4 चम्मच इलायची पाउडर डालें, और सबको अच्छे से मिक्स करें।

चाशनी में मिलाएं मूंगफली का पाउडर

अब एक बड़ी कड़ाई लें, उसमें 1 कप नेचुरल शुगर-फ्री स्वीटनर और 1/2 कप पानी डालें। अब इसको धीमी आंच पर कम से कम 5 मिनट तक अच्छी तरह उबाल लेना है। जब चाशनी एक तार की बन जाए, तो पिसा हुआ मूंगफली का पाउडर इसमें मिला लें। अब इन सबको मिक्स करना है। इसे लगातार चलाते रहे जब तक पेस्ट चिकना न हो जाए और कड़ाई छोड़ने न लगे। इस बात का जरूर ध्यान दें कि मिक्सचर ज्यादा पक न जाए।

मिश्रण तैयार होने के बाद एक ट्रे पर बटर पेपर बिछाकर हल्का घी लगा लें। इसमें तैयार मिश्रण डालें और स्पैटुला से मोड़ते हुए गाढ़ा होने दें। फिर बटर पेपर की मदद से इसे एकसार करें। जब मिश्रण संभालने लायक हो जाए, तो नरम आटे की तरह गूंध लें। अब इसे बटर पेपर की दो परतों के बीच रखकर बेलन से थोड़ा मोटा बेलें। आखिर में चाकू की मदद से डायमंड आकार के टुकड़े काट लें। इस तरह घर पर तैयार हो जाएगी दिवाली के लिए स्वादिष्ट मूंगफली कतली, जिसे आप त्योहार पर मेहमानों को भी परोस सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here