थिरुमावलवन की पार्टी VCK ने TVK को बिना शर्त दिया समर्थन: सूत्र

0
7

तमिलनाडु की राजनीति में सरकार गठन को लेकर कई दिनों से बना हुआ सस्पेंस अब धीरे-धीरे खत्म होता नजर आ रहा है. ताजा राजनीतिक घटनाक्रम में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) को बड़ी राहत मिली है. सूत्रों के अनुसार, थोल. थिरुमावलवन की पार्टी विदुथलाई चिरुथइगल काची (वीसीके) ने टीवीके को बिना किसी शर्त अपना समर्थन देने का फैसला किया है, जिससे राज्य में नई सरकार के गठन की राह लगभग साफ हो गई है.

टीवीके को अतिरिक्त समर्थन की जरूरत

बताया जा रहा है कि टीवीके की ओर से वीसीके प्रमुख थोल. थिरुमावलवन से औपचारिक रूप से समर्थन मांगा गया था. इसके लिए पार्टी ने एक आधिकारिक पत्र भी भेजा था, जिसमें सरकार गठन के लिए सहयोग का अनुरोध किया गया था. वीसीके के इस फैसले को राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए टीवीके को अतिरिक्त समर्थन की जरूरत थी.

234 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन आवश्यक है. चुनाव परिणामों में टीवीके ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई थी, लेकिन बहुमत से वह कुछ सीटें पीछे रह गई थी. ऐसे में वीसीके का समर्थन विजय के लिए सत्ता तक पहुंचने का अहम रास्ता बन गया है.

वीसीके के समर्थन को लेकर पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा थी. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इस फैसले से पहले कई दौर की बैठकों और आंतरिक मंथन के बाद यह निर्णय लिया. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस समर्थन से राज्य की सत्ता का पूरा समीकरण बदल सकता है.

तमिलनाडु में किसी को नहीं मिला था बहुमत

23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था, जिससे त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बन गई थी. हालांकि, टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और विजय अचानक सरकार गठन की चर्चाओं के केंद्र में आ गए.

इससे पहले कांग्रेस और वामपंथी दल भी टीवीके को बाहर से समर्थन देने की घोषणा कर चुके हैं, जिससे विजय की स्थिति और मजबूत हो गई है. अब सभी की निगाहें राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर पर टिकी हैं, जिनके अगले कदम से यह तय होगा कि विजय को सरकार बनाने के लिए आधिकारिक न्योता कब मिलता है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here