
वृंदावन: वंशीवट स्थित चरणाश्रम में दशम पाटोत्सव के अवसर पर मंगलवार को धर्म और अध्यात्म की अनूठी छटा देखने को मिली। आश्रम परिसर संत-महात्माओं के आगमन और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से भक्तिमय नजर आया। संत संगोष्ठी में वक्ताओं ने भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक जीवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संतों का सानिध्य मनुष्य को सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, परोपकार और सदाचार भी इसके अभिन्न अंग हैं।
पाटोत्सव के उपलक्ष्य में सोमवार शाम आयोजित भजन संध्या में भक्ति संगीत की स्वर लहरियों ने समां बांध दिया। ठाकुरजी के चित्रपट के समक्ष संत फूलडोल बिहारी दास महाराज, महामंडलेश्वर डॉ. सत्यानंद सरस्वती, महामंडलेश्वर राधाप्रसाद देव जू, डॉ. आदित्यानंद सरस्वती और महंत सुंदर दास ने दीप प्रज्ज्वलित कर आयोजन का शुभारंभ किया। भजन गायकों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए। देर शाम तक आश्रम परिसर में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।
मंगलवार को आयोजित संत संगोष्ठी में ब्रज के संतों ने धर्म और अध्यात्म के माध्यम से समाज को जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से परिचित कराने का माध्यम बनते हैं। पाटोत्सव के अंतर्गत विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें संत-महात्माओं और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम में भागवताचार्य यदुनंदन महाराज, रामबिलास चतुर्वेदी, भगवान दास चौधरी, मुरली अग्रवाल, संजू अग्रवाल, आचार्य रामजी शुक्ला, कन्हैया अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह यादव और जय तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।










