पत्नी से झगड़े के बाद पिता ने उठाया खौफनाक कदम, 11 माह की बेटी को यमुना में फेंका

0
8
man throws daughter into yamuna
man throws daughter into yamuna

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा से शुक्रवार को एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. आरोप है कि एक पिता ने अपनी महज 11 माह की बेटी को यमुना नदी में फेंक दिया. सबसे दर्दनाक बात यह रही कि मां की आंखों के सामने उसकी मासूम बेटी को नदी में फेंका गया. पत्नी ने जब पति को रोकने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट की गई. मामला सिकंदरा थाना क्षेत्र के अकबरा गांव के पास यमुना नदी के पुल का बताया जा रहा है. 

पुलिस के अनुसार, रिंकू अपनी पत्नी लक्ष्मी और 11 माह की बेटी के साथ बाइक से बाजार जाने के लिए निकला था. रास्ते में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. इसके बाद रिंकू ने यमुना पुल पर बाइक रोक दी. बताया जा रहा है कि पत्नी ने जब पुल पर रुकने की वजह पूछी तो रिंकू ने कहा कि वह बेटी के साथ फोटो लेना चाहता है. इसके बाद उसने बच्ची को मां की गोद से लिया. कुछ देर तक उसे दुलार किया और उसके साथ सेल्फी भी ली. आरोप है कि इसके तुरंत बाद उसने बच्ची को पुल से यमुना नदी में फेंक दिया.

पत्नी ने रोका तो उसके साथ भी मारपीट

बेटी को नदी में गिरते देखकर लक्ष्मी चीखने लगी. उसने पति का विरोध किया और बच्ची को बचाने की कोशिश की. आरोप है कि इससे रिंकू भड़क गया और उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी. इतना ही नहीं, उसने महिला को भी पुल से नीचे फेंकने की कोशिश की. महिला की चीख सुनकर वहां से गुजर रहे लोगों ने मौके पर रुककर हस्तक्षेप किया. राहगीरों ने किसी तरह महिला को आरोपी से बचाया और रिंकू को पकड़ लिया. इसके बाद लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया.

गोताखोरों की मदद से बच्ची की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलने पर सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. पूछताछ में उसकी पहचान रिंकू पुत्र लीलाधर, निवासी बादमगढ़ी गांव, थाना बलदेव, मथुरा के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पति-पत्नी के विवाद के बाद आरोपी द्वारा गुस्से में यह कदम उठाने की बात सामने आई है. बच्ची की तलाश के लिए पुलिस ने गोताखोरों और पीएसी की मदद से यमुना में अभियान शुरू कराया. काफी देर तक तलाश के बावजूद खबर लिखे जाने तक मासूम का पता नहीं चल सका था. वहीं, बेटी के नदी में गिरने के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here