पटना: राज्य में बेखौफ अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है. सोमवार की सुबह समस्तीपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां बाइक सवार अपराधियों ने स्कूल जा रही एक नाबालिग छात्रा की बीच सड़क पर अंधाधुंध गोलियां बरसाकर हत्या कर दी. सरेराह हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है.
मलंग स्थान के पास अपराधियों ने घेरा
मृतक छात्रा की पहचान कैजिया गांव (वार्ड संख्या 14) के निवासी उमेश ठाकुर की पुत्री सोनम कुमारी के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह सोनम रोज की तरह अपनी स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर घर से विद्यालय के लिए निकली थी. वह जैसे ही वैनी (पूसा) थाना क्षेत्र स्थित कैजिया गांव के मलंग स्थान के पास पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया और बेहद नजदीक से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. छात्रा को शरीर में तीन गोलियां लगीं, जिससे उसने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद हथियार बंद अपराधी पुलिस को खुली चुनौती देते हुए आसानी से फरार हो गए.
‘शादी नहीं की तो मार देंगे गोली’
इस हत्याकांड के पीछे एकतरफा प्यार या जबरन शादी का दबाव बनाए जाने की बात सामने आ रही है. मृतका के परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना से ठीक एक दिन पहले एक स्थानीय लड़के ने सोनम को रोककर धमकी दी थी. आरोपी का कहना था कि अगर तुमने मुझसे शादी नहीं की तो तुम्हें जान से मार दूंगा.
जांच में जुटीं FSL और पुलिस की टीम
बीच सड़क पर स्कूल ड्रेस में छात्रा का खून से लथपथ शव देखकर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. फॉरेंसिक (FSL) टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने मौके से तीन खोखे बरामद किए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों से मिले इनपुट और धमकी देने वाले युवक की पहचान के आधार पर छापेमारी शुरू कर दी गई है. FSL टीम ने भी कई साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.











