नई दिल्ली: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में एक बार फिर हवाई हमले तेज हो गए हैं। रूस ने मंगलवार रात और बुधवार सुबह यूक्रेन के कई इलाकों को निशाना बनाया है। इस दौरान सबसे ज्यादा असर कीव और ओडेसा में देखने को मिला हैं। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, हमलों में कम से कम आठ लोग घायल हुए हैं। यूक्रेनी वायुसेना ने बताया कि रूस ने रातभर में 174 ड्रोन भेजे थे। इनमें करीब आधे जेट से चलने वाले ड्रोन थे, जिन्हें रोकना काफी मुश्किल माना जाता है। रूस ने इसके अलावा दो बैलिस्टिक मिसाइल और दो एयर-लॉन्च मिसाइल भी दागीं।
24 मंजिला रिहायशी इमारत को पहुंचा नुकसान
ओडेसा में रूसी हमले से एक 24 मंजिला रिहायशी इमारत को भी काफी नुकसान पहुंचा है और कई मंजिलों पर बने फ्लैट क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों के अनुसार, यहां एक बच्चे समेत आठ लोग घायल हुए हैं। हमले में एक ऑफिस बिल्डिंग और दो शिक्षण संस्थानों को भी नुकसान पहुंचा है और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से शहर में सार्वजनिक परिवहन भी कुछ समय के लिए रुक गया।
कीव पर लगातार सातवां निशाना
कीव क्षेत्र में भी रूसी हमलों का असर देखने को मिला। क्षेत्रीय अधिकारियों के मुताबिक, सुबह हुए हमले में एक पुरुष और एक महिला छर्रे लगने से घायल हुए। कीव को लगातार सातवें दिन निशाना बनाया गया। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि बुधवार का हमला पिछले दिनों की तुलना में कम बड़ा था। हमले के बाद एक गोदाम और एक शिक्षण संस्थान में आग लग गई और एक मेडिकल सेंटर को भी नुकसान पहुंचा है।
130 यूक्रेनी ड्रोन गिराए गए
दूसरी तरफ रूस ने भी यूक्रेन की ओर से ड्रोन हमले किए जाने का दावा किया है। रूस के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, उसकी एयर डिफेंस ने 11 क्षेत्रों, क्रीमिया और काला सागर के ऊपर 130 यूक्रेनी ड्रोन गिराए। वहीं बेलगोरोड इलाके में हुए हमलों में दो लोगों की मौत और 16 लोगों के घायल होने की बात कही गई है। इस बीच दोनों देशों के राष्ट्रपतियों के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है। बता दें, जेलेंस्की ने रूस पर सैन्य दबाव बढ़ाने की बात कही है। वहीं, पुतिन ने यूक्रेन पर ‘राज्य आतंकवाद’ का आरोप लगाया। है। युद्ध के मोर्चे पर रूस की बढ़त धीमी बताई जा रही है, लेकिन ड्रोन और हवाई हमलों का सिलसिला अभी भी जारी है।












