पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, रांची के 15 थाना-टीओपी प्रभारियों को नई तैनाती

0
8
Jharkhand Police Transferred
Jharkhand Police Transferred

झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस महकमे के भीतर एक बार फिर बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और थानों की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के उद्देश्य से रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 15 सब-इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों का तबादला किया गया है. इन सभी अधिकारियों को अलग-अलग थानों, आउटपोस्ट, टाउन आउटपोस्ट और यातायात थानों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. एसएसपी कार्यालय की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है. आदेश में सभी स्थानांतरित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपने वर्तमान पद को छोड़कर नए पदस्थापन स्थल पर जाकर अपना योगदान सुनिश्चित करें.

इन महत्वपूर्ण थानों को मिले नए प्रभारी

रांची पुलिस ने हाल के दिनों में कई थानों के प्रभारियों में बदलाव किया है. पहले भी खलारी, बुंडू और जगन्नाथपुर जैसे संवेदनशील थानों के प्रभारी बदले गए थे. अब देर रात जारी नए आदेश के अनुसार ग्रामीण और शहरी इलाकों के महत्वपूर्ण थानों में नए पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है. सब-इंस्पेक्टर शैलेन्द्र टुडू को नरकोपी थाने का नया प्रभारी बनाया गया है. कफील अहमद को बेड़ो थाने की जिम्मेदारी दी गई है और विकास कुमार पासवान को मुरी ओपी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है. दिनेश कुमार ठाकुर को विधानसभा थाना, शिवनारायण तिवारी को ईटकी थाना और गगन कुमार ठाकुर को सिकिदिरी थाने की कमान सौंपी गई है.

उग्रवाद प्रभावित और ग्रामीण क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए, दुलाल कुमार महतो को तमाड़, कुंदन कुमार को दशमफॉल और अभिषेक कुमार को राहे थाने का नया प्रभारी बनाया गया है. रांची पुलिस ने ग्रामीण इलाकों के साथ साथ उग्रवाद प्रभावित और घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्रों में सुरक्षा को मजबूत करने के लिए नए पुलिस अधिकारियों की तैनाती की है.

टीओपी और ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने पर जोर

इस फेरबदल में केवल थानों के प्रभारी ही नहीं बदले गए हैं बल्कि शहर की आंतरिक सुरक्षा चौकियों और यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए भी विशेष ध्यान दिया गया है. नए आदेश के तहत सब-इंस्पेक्टर राहुल को मोराबादी टीओपी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि अक्षय कुमार को एदलहातू टीओपी की कमान सौंपी गई है. सब-इंस्पेक्टर विवेक कुमार को चुटुपालू टीओपी और महिला सब-इंस्पेक्टर पूजा विभुति उरांव को हिल टीओपी (सुखदेवनगर) का नया प्रभारी बनाया गया है.

राजधानी रांची की मुख्य सड़कों पर बढ़ते वाहनों के दबाव और ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात थानों में भी बदलाव किया गया है. इसके तहत सब-इंस्पेक्टर अवध बिहारी कुंवर को खेलगांव ट्रैफिक थाना और सब-इंस्पेक्टर धर्मेन्द्र कुमार को पंडरा यातायात थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है. अधिकारियों का मानना है कि इस फेरबदल से आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here