आतंकियों को सबक सिखाने में पीछे नहीं हटी मोदी सरकार, CM योगी ने पूर्व सैनिकों के बीच कही बड़ी बात

0
11

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को क्रांति धरा मेरठ में आयोजित ‘पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह’ में यूपी के 5.19 लाख पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारों ने दशकों तक ‘वन रैंक-वन पेंशन’ को लटकाए रखा। सैनिकों और शहीद परिवारों का सम्मान उनकी प्राथमिकताओं में नहीं था। लेकिन आज पीएम मोदी के नेतृत्व में नया भारत सैनिकों के सम्मान और सामर्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।

सुरक्षित माहौल में ही प्रगति संभव

सीएम योगी ने कहा, “कोई भी देश हो या समाज, सुरक्षित माहौल में ही उसकी गति प्रगति में बदल सकती है। सुरक्षा का माहौल न हो तो गति को दुर्गति में बदलने में देर नहीं लगती। सियाचिन की ठंड हो या राजस्थान की गर्म रेत, हर मोर्चे पर हमारा सैनिक खड़ा मिलता है। सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, सिर्फ उसकी वर्दी बदलती है। वह गांव और समाज का मार्गदर्शक बनकर प्रेरणा देता रहता है।”

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश वीरों की भूमि है। यहां लगभग 20 लाख लोगों का सैनिक परिवार निवास करता है। देश में हर साल लगभग 60 हजार सैनिक सेवानिवृत्त होते हैं, जिनमें से करीब 12 हजार अकेले उत्तर प्रदेश के होते हैं। इस धरती ने जगन्नाथ सिंह, वीर अब्दुल हमीद, कैप्टन मनोज पांडेय और योगेंद्र सिंह यादव जैसे वीर दिए हैं। गाजीपुर का गहमर गांव बड़ी संख्या में जवान देने के लिए जाना जाता है।

मेरठ की बदली तस्वीर

सीएम योगी ने कहा कि एक समय मेरठ की पहचान अवैध वाहन कटान और माफियावाद से होने लगी थी। गन्ना किसान भुगतान के लिए परेशान रहते थे और उन पर पुलिस लाठियां बरसाती थी। लेकिन आज मेरठ अपनी पुरातन पहचान के साथ ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना के जरिए नई पहचान बना रहा है। गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान हुआ है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और नमो भारत, आरआरटीएस कॉरिडोर ने आवागमन आसान बनाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ का दुर्भाग्य रहा कि 2016 में कारगिल युद्ध के एक पूर्व सैनिक के साथ अपमानजनक घटना हुई। वर्ष 2013 में एलओसी पर शहीद हुए सैनिक के सम्मान में प्रशासनिक व्यवस्थाएं नदारद थीं।

पीएम मोदी के नेतृत्व में बदला भारत

सीएम योगी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकी हमला करने वालों की हेकड़ी निकाल दी गई है। रक्षा बजट में बढ़ोतरी हुई है। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ की व्यवस्था की गई है। आज देश का रक्षा निर्यात 55 गुना बढ़ा है। ब्रह्मोस जैसी मिसाइल लखनऊ में बन रही है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 समाप्त करके ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूत किया गया है। शहीदों के परिवारों को दी जाने वाली सहायता राशि 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here