प्रेमानंद महाराज के आश्रम की बढ़ेगी सुरक्षा? परिजनों के धरने के बाद पुलिस बल तैनात करने की मांग, प्रशासन को भेजा पत्र

0
10

वृंदावन: उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद महाराज का आश्रम पिछले कुछ दिनों से लगातार चर्चा में बना हुआ है। हाल ही में अपने बच्चों की तलाश में पहुंचे कुछ परिजनों द्वारा आश्रम के बाहर धरना-प्रदर्शन किए जाने के बाद आश्रम प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन से विशेष कदम उठाने की मांग की है। आश्रम का कहना है कि ऐसी घटनाओं से वहां की शांति और नियमित गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। श्री हित राधा केलि कुंज ट्रस्ट की ओर से वृंदावन के क्षेत्राधिकारी (CO) को एक पत्र भेजा गया है। इस पत्र में आश्रम के बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की गई है।

ट्रस्ट का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से कुछ लोग अपने परिजनों की तलाश के नाम पर आश्रम के बाहर एकत्र हो रहे हैं और विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। आश्रम का आरोप है कि इस दौरान अभद्र व्यवहार और बिना तथ्यों के आरोप लगाए जा रहे हैं, जिससे माहौल प्रभावित हो रहा है।

आश्रम की छवि और शांति व्यवस्था पर असर

ट्रस्ट की ओर से भेजे गए पत्र पर ट्रस्टी सलोनी शरण के हस्ताक्षर हैं। पत्र में कहा गया है कि लगातार हो रही घटनाओं से आश्रम की छवि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही साधकों और भक्तों के बीच असुरक्षा की भावना भी पैदा हो सकती है। आश्रम प्रबंधन का मानना है कि शांति बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

गौरतलब है कि आश्रम के एक साधक दीपक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद यह मामला और अधिक चर्चा में आया है। इसी को लेकर कई सवाल उठाए जा रहे हैं और विभिन्न पक्षों की ओर से जांच की मांग भी की जा रही है।

प्रेमानंद महाराज की किडनी जांच की भी उठी मांग

इस बीच श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट के अध्यक्ष और माता शाकुम्भरी पीठाधीश्वर आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने भी जिलाधिकारी को पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने प्रेमानंद महाराज की किडनी से जुड़ी स्वास्थ्य स्थिति की सरकारी चिकित्सकीय जांच कराने और उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की बात कही है। आशुतोष ब्रह्मचारी का कहना है कि यदि किसी बीमारी को लेकर सार्वजनिक दावे किए जा रहे हैं, तो उसकी सच्चाई सरकारी जांच के माध्यम से सामने आनी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here