नई दिल्ली: NEET UG 2026 पास कर चुके मेडिकल उम्मीदवारों के लिए आज का दिन बेहद अहम है. मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) की ओर से आयोजित राउंड-1 काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आज खत्म हो रही है. जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उन्हें तय समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करनी होगी. MCC ने हाल ही में काउंसलिंग के शेड्यूल में बदलाव किया था, जिसके बाद छात्रों को आवेदन के लिए अतिरिक्त समय मिला.
आज कितने बजे तक कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन?
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, NEET UG Counselling 2026 के पहले राउंड के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 15 अगस्त 2026 को दोपहर 2 बजे तक किया जा सकता है. वहीं, काउंसलिंग फीस जमा करने की अंतिम समय सीमा शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है. इसके बाद राउंड-1 के लिए नए आवेदन और फीस स्वीकार नहीं की जाएगी. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और समय रहते रजिस्ट्रेशन समेत फीस भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर लें.
NEET UG Counselling का नया शेड्यूल
MCC ने राउंड-1 काउंसलिंग के आगे के चरणों की तारीखों में भी बदलाव किया है. संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक:
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन: 15 अगस्त, दोपहर 2 बजे तक
काउंसलिंग फीस भुगतान: 15 अगस्त, शाम 5 बजे तक
चॉइस फिलिंग: 6 अगस्त से 17 अगस्त, शाम 6 बजे तक
चॉइस लॉकिंग: 17 अगस्त, सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक
सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया: 18 अगस्त
राउंड-1 सीट अलॉटमेंट रिजल्ट: 19 अगस्त
कॉलेज में रिपोर्टिंग और जॉइनिंग: 20 से 25 अगस्त तक
चॉइस फिलिंग और लॉकिंग में रखें खास ध्यान
रजिस्ट्रेशन और फीस भुगतान पूरा होने के बाद उम्मीदवारों को अपनी पसंद के मेडिकल कॉलेज और कोर्स का चयन करना होगा. संशोधित शेड्यूल के अनुसार चॉइस फिलिंग की सुविधा 17 अगस्त की शाम 6 बजे तक उपलब्ध रहेगी. इसके बाद उम्मीदवारों को अपनी पसंद और प्राथमिकताओं को लॉक करना होगा. चॉइस लॉकिंग की प्रक्रिया भी 17 अगस्त को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी. उम्मीदवारों को इस दौरान अपनी सभी पसंद को ध्यान से जांच लेना चाहिए.
अगर कोई छात्र तय समय सीमा के भीतर अपनी चॉइस लॉक नहीं करता है, तो समय खत्म होने के बाद सिस्टम उसकी भरी हुई चॉइस को ऑटो-लॉक कर देगा. इसके बाद सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया 18 अगस्त को शुरू होगी और राउंड-1 का परिणाम 19 अगस्त को जारी किया जाएगा.












