मुंबई: बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर का पॉपुलर चैट शो ‘कॉफी विद करण’ एक बार फिर लौट रहा है। बता दें, शो के नए सीजन को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों पर अब खुद करण ने विराम लगा दिया है। बुधवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर शो का प्रोमो शेयर करते हुए सीजन 9 का आधिकारिक ऐलान कर दिया। साथ ही उन्होंने फैंस को इमोशनल कर देने वाली अनाउंसमेंट भी की कि ये इस आइकॉनिक शो का आखिरी सीजन होने वाला है।
प्रोमो वीडियो आया सामने
करण जौहर ने प्रोमो वीडियो में बताया कि ‘कॉफी विद करण’ की शुरुआत साल 2004 में हुई थी। पहला एपिसोड अगस्त 2004 में ऑनएयर हुआ था, उससे ठीक दो महीने पहले जून में उनके पिता यश जौहर का निधन हो गया था। करण ने याद किया कि जब उन्होंने पिता को शो का आइडिया बताया था तो उन्होंने हंसते हुए कहा था, “तुम अपने दोस्तों को बुलाकर गप्पे मारोगे तो इसके पैसे कौन देगा?” आज 22 साल बाद वही आइडिया भारत का सबसे बड़ा सेलिब्रिटी चैट शो बन चुका है।
अब तक इस शो के 8 सीजन और 161 एपिसोड आ चुके हैं। इस दौरान शो ने बॉलीवुड के बड़े-बड़े सितारों के रिश्ते, अफेयर, ब्रेकअप, शादी और अनसुने किस्सों को दुनिया के सामने रखा। शो की कई बातचीत सुर्खियां बनीं, मीम्स बने और कई बार विवाद भी हुए।
करण जोहर ने क्या कहा?
करण ने वीडियो में कहा, “ये शो मेरी जिंदगी का बहुत खास हिस्सा रहा है। इसने मुझे दोस्त दिए, यादें दीं, मस्ती दी, प्यार दिया और हां कुछ विवाद भी दिए। कुछ सफर ऐसे होते हैं जिन्हें खत्म करने की प्लानिंग आप नहीं करते, बस दिल जानता है कि अब छोड़ने का वक्त आ गया है।” उन्होंने नेपोटिज्म के तानों पर भी चुटकी ली और मजाक में कहा कि शो में कुछ ऐसे नेशनल आइकॉन भी आए जिनका करियर लगभग खत्म कर दिया।
फैंस के बीच बढ़ी एक्साइटमेंट
मेकर्स ने बताया कि कॉफी विद करण सीजन 9 ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा। शो का प्रीमियर 14 अक्टूबर 2026 से होगा। वहीं करण ने कैप्शन में लिखा, “लगता है हमें कॉफी पर बात करनी चाहिए… एक आखिरी बार।” बता दें, शो के लास्ट सीजन की अनाउंसमेंट के बाद फैंस अब बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि आखिरी सीजन में करण की कॉफी काउच पर कौन-कौन से सितारे नजर आएंगे।












