मुस्तफिजुर रहमान की IPL में फिर होगी वापसी? BCCI ने बांग्लादेशी खिलाड़ियों के लिए खोले दरवाजे

0
7

नई दिल्ली: भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट संबंधों में एक बार फिर सुधार के संकेत मिल रहे हैं। करीब दस महीने पहले मुस्तफिजुर रहमान को IPL से रिलीज करने के फैसले के बाद दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड के बीच तनाव बढ़ गया था। अब खबर है कि BCCI ने बांग्लादेशी खिलाड़ियों के लिए IPL के दरवाजे फिर खोल दिए हैं। ऐसे में आगामी मिनी-ऑक्शन में बांग्लादेश के कई बड़े खिलाड़ी अपनी किस्मत आजमा सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 16 दिसंबर को होने वाले IPL मिनी-ऑक्शन के लिए मुस्तफिजुर रहमान ने भी अपना नाम दर्ज कराया है। उनके अलावा नाहिद राणा, रिशाद हुसैन, हसन महमूद, तौहीद हृदय, तस्कीन अहमद और शोरीफुल इस्लाम भी नीलामी में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।

IPL ऑक्शन की तैयारी के तहत BCCI ने अपनी नियमित प्रक्रिया के अनुसार अलग-अलग देशों के क्रिकेट बोर्ड से संपर्क किया है। इस बार बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को भी इस सूची में शामिल किया गया है। इसे दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों में नरमी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। इससे पहले जनवरी में BCCI के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज कर दिया था। इसके बाद फ्रेंचाइजी को उनकी जगह किसी दूसरे खिलाड़ी को शामिल करने की अनुमति भी दी गई थी।

9.20 करोड़ में बिके थे मुस्तफिजुर

मुस्तफिजुर रहमान को KKR ने दिसंबर में हुए मिनी-ऑक्शन में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस बोली के साथ वह IPL में सबसे ज्यादा कीमत पाने वाले बांग्लादेशी खिलाड़ी बन गए थे। चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच भी उन्हें खरीदने के लिए मुकाबला हुआ था। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये था। हालांकि, बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की खबरों के बाद उनके IPL में खेलने को लेकर भारत में विरोध हुआ। इसके बाद BCCI के कहने पर KKR ने उन्हें रिलीज कर दिया।

IPL विवाद से T20 वर्ल्ड कप तक बढ़ा तनाव

मुस्तफिजुर को टीम से हटाने के फैसले पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने नाराजगी जताई थी। इसके बाद BCB ने 2026 T20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम भारत भेजने से इनकार कर दिया। बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए ICC से बांग्लादेश के मैच भारत के बजाय श्रीलंका में कराने की मांग की थी। ICC ने यह मांग स्वीकार नहीं की। इसके बाद बांग्लादेश टूर्नामेंट से हट गया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। अब IPL ऑक्शन में बांग्लादेशी खिलाड़ियों की संभावित भागीदारी को दोनों बोर्ड के रिश्तों में आगे बढ़ते सुधार के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here