मुनक नहर पर आस्था का महाघाट, 11 किलोमीटर में छठ का भव्य दरबार

0
13

नई दिल्ली: दिल्ली में छठ महापर्व इस बार ऐतिहासिक भव्यता के साथ मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में मुनक नहर के किनारे करीब 11 किलोमीटर लंबा विशाल छठ घाट विकसित किया गया है। कभी गंदगी और मलबे से बदहाल रहने वाली नहर अब आस्था, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण की नई पहचान बनने जा रही है। इस भव्य परियोजना का उद्घाटन 12 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे।

मलबे के पहाड़ हटे, बदली नहर की तस्वीर

करीब दो दशक से उपेक्षा का शिकार मुनक नहर की सफाई के दौरान लगभग 1,400 ट्रक मलबा और कचरा हटाया गया। मुख्यमंत्री ने स्वयं परियोजना की निगरानी करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। नहर के दोनों किनारों पर पक्की सीढ़ियां, सीमेंट की सड़कें, चेंजिंग रूम, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।

छठ के साथ पर्यटन का भी नया ठिकाना

नहर में स्वच्छ पानी, फव्वारे, बैठने के लिए बेंच और हरियाली विकसित की जाएगी। आवागमन सुगम बनाने के लिए तीन पुल भी बनाए जा रहे हैं। इस वर्ष पूरे 11 किलोमीटर क्षेत्र में छठ पूजा की व्यवस्था होगी। इस परियोजना का लाभ शालीमार बाग, वजीरपुर, मॉडल टाउन, आदर्श नगर और बादली विधानसभा क्षेत्रों के हजारों परिवारों को मिलेगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह परियोजना केवल घाट निर्माण नहीं, बल्कि लाखों पूर्वांचलवासियों की आस्था, संस्कृति और परंपरा का सम्मान है। सरकार का लक्ष्य मुनक नहर को भविष्य में मनोरंजन हरियाली और जनसुविधाओं का प्रमुख केंद्र बनाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here