केतन की हत्या से पहले सिया गोयल और प्रेमी चेतन ने बनाई थी पूरी स्क्रिप्ट, गूगल पर सर्च किए थे मर्डर का तरीके और बचाव

0
9
Ketan Agarwal Murder case
Ketan Agarwal Murder case

नई दिल्ली: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं. पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने हत्या को अंजाम देने से पहले इंटरनेट पर मंगेतर की हत्या के तरीके खोजे थे. इतना ही नहीं, दोनों ने यह भी पहले से तय कर लिया था कि यदि पुलिस पूछताछ करेगी तो वे क्या जवाब देंगे.

हत्या से पहले की थी पूरी रिहर्सल

जांच अधिकारियों के मुताबिक, वारदात से पहले दोनों आरोपी अकेले लोहगढ़ किले पहुंचे थे. वहां उन्होंने कथित तौर पर पूरे घटनाक्रम की रिहर्सल की, ताकि योजना में कोई कमी न रह जाए. पुलिस का दावा है कि दोनों ने हत्या के समय पहचान छिपाने के लिए भेष बदलने की योजना भी बनाई थी.

मोबाइल से मिटाए सबूत

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से पहले और बाद में दोनों आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन से चैट हिस्ट्री और रीसायकल बिन तक साफ कर दिए थे. अब उनके मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि डिलीट किए गए संदेश और अन्य डिजिटल सबूत दोबारा हासिल किए जा सकें.

पहले भी हुई थी हत्या की कोशिश

पुलिस के अनुसार, सिया और केतन की सगाई फरवरी में हुई थी और नवंबर में उनकी शादी तय थी. जांच में दावा किया गया है कि 14 जून को भी सिया ने केतन को लोहगढ़ किले ले जाकर धक्का देने की कोशिश की थी, लेकिन वह झाड़ियों का सहारा लेकर बच गया. इसके बाद सिया ने माहौल सामान्य दिखाने के लिए सांप दिखने का बहाना बनाया.

कुछ दिन बाद उसने दोबारा केतन को किले पर बुलाया, जहां कथित तौर पर चेतन चौधरी भी मौजूद था. पुलिस के अनुसार, दोनों ने पीछे से धक्का देकर केतन को गहरी खाई में गिरा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

अब क्राइम सीन दोबारा तैयार करेगी पुलिस

पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए पुणे ग्रामीण पुलिस दोनों आरोपियों को लेकर लोहगढ़ किले पहुंची. यहां घटनास्थल पर पूरे घटनाक्रम को दोबारा दोहराया जा रहा है, ताकि यह समझा जा सके कि वारदात किस तरह अंजाम दी गई.

पिता ने लोगों से मांगी मदद

इस बीच केतन अग्रवाल के पिता ने लोगों से अपील की है कि जिस किसी ने घटना वाले दिन किले पर कुछ भी संदिग्ध देखा हो, वह पुलिस के सामने आए. उनका कहना है कि परिवार अपने बेटे को न्याय दिलाने के लिए आखिरी दम तक कानूनी लड़ाई लड़ता रहेगा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here