नई दिल्ली: IPL में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। राजस्थान रॉयल्स के साथ 16 साल तक जुड़े रहे ज़ुबिन भरूचा अब मुंबई इंडियंस फैमिली का हिस्सा बन गए हैं। MI ने उन्हें डायरेक्टर ऑफ परफॉर्मेंस बनाया है। भरूचा पहले सीजन से ही राजस्थान रॉयल्स के साथ थे और उन्होंने संजू सैमसन, रियान पराग और हाल ही में वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा टैलेंट को तराशने में सबसे बड़ा रोल निभाया था।
मुंबई इंडियंस में क्या होगा भरूचा का रोल
मुंबई इंडियंस में भरूचा का फोकस ऑफ-सीजन पर रहेगा। वह खास तौर पर भारतीय खिलाड़ियों के साथ काम करेंगे और मुंबई में MI के हब में रहेंगे। क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक वह असिस्टेंट कोच पारस म्हाम्ब्रे के साथ मिलकर काम करेंगे।
साथ ही वे प्लेयर्स के टारगेट को लेकर कोचिंग स्टाफ के साथ तालमेल बिठाएंगे। फ्रेंचाइजी ने बयान में कहा है कि भरूचा MI इकोसिस्टम में परफॉर्मेंस से जुड़े सभी क्षेत्रों में मौजूदा मल्टी-डिसिप्लिनरी लीडरशिप ग्रुप के साथ काम करेंगे।
वह सपोर्ट स्टाफ के साथ जुड़कर खिलाड़ियों के डेवलपमेंट में मुंबई इंडियंस के बेहतरीन ट्रैक रिकॉर्ड को और आगे बढ़ाएंगे। भरूचा ने नया पद संभाल लिया है और फिलहाल म्हाम्ब्रे और MI के युवा खिलाड़ियों के ग्रुप के साथ साउथ अफ्रीका में हैं।
राजस्थान रॉयल्स के साथ भरूचा का 16 साल का सफर
ज़ुबिन भरूचा ने अपने खेलने के बाद के करियर का ज्यादातर समय राजस्थान रॉयल्स को दिया। वह पहली बार 2008 में टीम डायरेक्टर के तौर पर फ्रेंचाइजी से जुड़े थे। 2016 और 2017 में जब राजस्थान सस्पेंड था।
तब वह टेक्निकल डायरेक्टर के तौर पर दिल्ली डेयरडेविल्स में चले गए थे। 2018 में वह डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट बनकर राजस्थान रॉयल्स में लौटे और 2025 तक इसी भूमिका में रहे।
दिल्ली के दो सीजन को छोड़ दें तो लगभग दो दशक तक वह रॉयल्स के साथ जुड़े रहे। खास बात यह है कि 1992-93 में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू से पहले भरूचा ने मुंबई के लिए एज-ग्रुप क्रिकेट खेला था। उन्होंने 17 फर्स्ट-क्लास और 11 लिस्ट-A मैच खेले हैं।
युवा टैलेंट पर मुंबई इंडियंस का बड़ा दांव
गौरतलब है कि अब वह हेड कोच महेला जयवर्धने, बैटिंग कोच कीरोन पोलार्ड और बॉलिंग कोच लसिथ मलिंगा के साथ काम करेंगे। पिछले कुछ सालों से मुंबई इंडियंस युवा टैलेंट को पहचानने और बड़ा बनाने में स्ट्रगल कर रही थी। भरूचा की नियुक्ति इसी कमी को पूरा करने के लिए की गई है। MI फिर से टैलेंट फैक्ट्री बनकर खिताब की रेस में लौटना चाहती है।












