नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के यूक्रेन में राष्ट्रपति बदलने वाले बयान के बाद अब रूस ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा है कि यूक्रेन के नेतृत्व में कोई ऐसा व्यक्ति आना चाहिए जो शांति की दिशा में काम करे। पेस्कोव ने समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती को दिए इंटरव्यू में कहा कि मॉस्को चाहता है कि यूक्रेन का नया नेतृत्व जमीनी हकीकत को समझे और शांतिपूर्ण समाधान की ओर बढ़े। उनका यह बयान ट्रंप की उस टिप्पणी के बाद आया है, जिसमें ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को बदलने की बात कही थी।
अब यूक्रेन में चुनाव होना चाहिए: डोनाल्ड ट्रंप
शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा था कि अब यूक्रेन में नए राष्ट्रपति के चुनाव का समय आ गया है। उन्होंने दावा किया कि जेलेंस्की कई बार रूस-यूक्रेन जंग को खत्म करा सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ तीन लाख टन से ज्यादा डीजल सप्लाई के समझौते के बाद तेल की समस्या के लिए जेलेंस्की को जिम्मेदार भी ठहराया।
सीबीएस न्यूज के मुताबिक ट्रंप ने कहा कि जेलेंस्की ने रूस की डीजल रिफाइनरियों को निशाना बनाया है, जिससे पूरी दुनिया में दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा, “जेलेंस्की जो चाहे कर सकते हैं, लेकिन यह नहीं कर सकते क्योंकि यह पूरी दुनिया की समस्या है।” ट्रंप का कहना है कि दुनिया इस समय डीजल रिफाइनिंग की कमी से जूझ रही है और इसकी वजह रिफाइनरियों पर हमले हैं।
पुतिन सीजफायर राजी तो चुनाव को तैयार: जेलेंस्की
वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने भी इस पर जवाब दिया है। रविवार को एबीसी न्यूज को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि अगर पुतिन 60 दिनों के सीजफायर पर राजी हो जाते हैं, तो वह यूक्रेन में राष्ट्रपति चुनाव कराने के लिए तैयार हैं। यानी ट्रंप के बयान के बाद अब यह मुद्दा और गरमा गया है। अमेरिका जहां यूक्रेन में नेतृत्व परिवर्तन की बात कर रहा है, वहीं रूस भी ऐसे नेता की मांग कर रहा है जो शांति समझौते के लिए तैयार हो।












