Nigeria Plane Crash: वायुसेना का विमान क्रैश, एयर चीफ समेत 32 लोगों की मौत, राष्ट्रपति ने किया 3 दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान

0
7

नई दिल्ली: नाइजीरिया में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। वायुसेना का एक विमान दक्षिण-पश्चिमी ओंडो राज्य में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 32 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में नाइजीरियाई वायुसेना के एयर स्टाफ प्रमुख एयर मार्शल संडे केल्विन अनेके भी शामिल हैं। घटना के बाद राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू ने देश में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है। जानकारी के मुताबिक, विमान ने दक्षिणी नाइजीरिया के बेनिन शहर से लागोस के लिए उड़ान भरी थी। इसे एक नियमित मिशन के तहत भेजा गया था। सोमवार सुबह करीब 9 बजे के आसपास विमान ओंडो राज्य के इग्बोकोडा इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

नाइजीरियाई राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, हादसे में 25 यात्री और सात क्रू सदस्यों की जान गई है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय स्तर पर सामने आए वीडियो में नदी के आसपास बड़ी संख्या में लोग और बचावकर्मी नजर आए। कुछ राहतकर्मी नावों की मदद से इलाके में तलाशी लेते दिखाई दिए।

राष्ट्रपति ने दिए जांच के आदेश

हादसे के बाद राष्ट्रपति टिनुबू ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने वायुसेना को दुर्घटना की वजह पता लगाने के लिए तत्काल और विस्तृत जांच शुरू करने का निर्देश दिया है। राष्ट्रपति ने कहा कि इस मुश्किल समय में पूरा देश मृतकों के परिवारों के साथ खड़ा है। राष्ट्रीय शोक के दौरान पूरे देश में झंडे आधे झुकाए रखने का भी निर्देश दिया गया है। सरकार का कहना है कि हादसे की वजह सामने आने के बाद भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

ATR-42 विमान में हुई दुर्घटना

हादसे में शामिल विमान ATR-42 बताया जा रहा है। यह ट्विन-इंजन टर्बोप्रॉप विमान है, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर छोटी और मध्यम दूरी की उड़ानों के लिए किया जाता है। इसके अलग-अलग संस्करणों में करीब 30 से 50 लोगों के बैठने की क्षमता होती है।

नाइजीरिया में इससे पहले भी सैन्य विमान हादसे हो चुके हैं। मई 2021 में एक विमान दुर्घटना में सेना के तत्कालीन प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल इब्राहिम अत्ताहिरु समेत 11 लोगों की मौत हुई थी। वहीं अगस्त 2015 में एक सैन्य विमान हादसे में सात लोगों की जान गई थी। उसी महीने लागोस में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में छह लोगों की मौत हुई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here