नई दिल्ली: Instagram और Facebook पर दिख रहे पोर्न ऐप्स के विज्ञापनों से सावधान हो जाएं। केंद्र सरकार की साइबर एजेंसी ने इन ऐप्स को लेकर बड़ी चेतावनी जारी की है। ये ऐप्स आपका पूरा फोन हैक कर सकते हैं और बैंक अकाउंट खाली कर सकते हैं।
कौन से हैं ये खतरनाक ऐप्स?
नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने बताया है कि Night Play, Reloop, Kyss, Vimo, Rivo, Nexo और Vixa नाम के 7 ऐप्स खतरनाक हैं। ये Facebook और Instagram पर विज्ञापन के जरिए प्रमोट हो रहे हैं।
ये विज्ञापन यूजर्स को पोर्न वेबसाइट पर ले जाते हैं, जहां Google Play Store के बाहर से APK फाइल डाउनलोड करने को कहा जाता है। ज्यादातर इन वेबसाइटों के डोमेन “.live” वाले होते हैं। सरकार की एडवाइजरी 26 अगस्त को जारी की गई थी। NCTAU गृह मंत्रालय के I4C का थ्रेट मैपिंग विंग है।
फोन का पूरा कंट्रोल कैसे ले लेते हैं?
सबसे बड़ा खतरा इन ऐप्स की परमिशन में है। इंस्टॉल होते ही ये ऐप्स आपसे Accessibility Feature की परमिशन मांगते हैं। एक बार आपने परमिशन दी तो ये बैकग्राउंड में चलकर आपके फोन का पूरा कंट्रोल ले लेते हैं। पहला ऐप इंस्टॉल होने के बाद अपडेट के नाम पर दूसरा पैकेज भी डाउनलोड कर लेता है।
इससे हैकर्स का कंट्रोल और मजबूत हो जाता है। कुछ वर्जन तो VPN भी इंस्टॉल कर देते हैं, जिससे आपका सारा इंटरनेट ट्रैफिक हैकर्स के सर्वर से होकर गुजरता है। इससे आपका डेटा चोरी हो सकता है और बिना इजाजत के पैसे निकाले जा सकते हैं।
बचने के लिए क्या करें?
NCTAU ने कुछ जरूरी बातें बताई हैं:
- हमेशा Google Play Store या भरोसेमंद स्टोर से ही ऐप इंस्टॉल करें। विज्ञापन या लिंक से APK डाउनलोड बिल्कुल न करें।
- किसी भी अनजान ऐप को Accessibility की परमिशन न दें।
- Google Play Protect को हमेशा ऑन रखें और फोन को अपडेट रखें।
- बैंक अकाउंट और UPI ट्रांजैक्शन को रोज चेक करें।
फोन हैक हो गया तो क्या करें?
अगर फोन में गड़बड़ी लगे तो तुरंत फोन को Safe Mode में रीस्टार्ट करें और संदिग्ध ऐप को अनइंस्टॉल करें। अगर ऐप हटे नहीं तो उसका Accessibility एक्सेस बंद करें और Device Administrator का अधिकार हटाएं।
अगर फिर भी ऐप वापस आ जाए तो जरूरी डेटा का बैकअप लेकर फैक्टरी रीसेट कर दें। किसी भी फ्रॉड की रिपोर्ट तुरंत 1930 नंबर पर या cybercrime.gov.in पर करें।












