लखनऊ डबल मर्डर-सुसाइड केस में नया मोड़, तलाक और पैसों के विवाद को पुलिस मान रही संभावित वजह

0
10
Lucknow Murder,manas bajpai and divya mishra double murder case
AI Generated

लखनऊ: लखनऊ में गुरुवार को हुए डबल मर्डर और सुसाइड केस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए पहलू सामने आ रहे हैं. पुलिस अब पति-पत्नी के बीच चल रहे तलाक और पैसों के विवाद को भी घटना की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है. बता दें, गोमती नगर में 38 वर्षीय मानस वाजपेयी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को बैंक के बाहर गोली मार दी थी. इसके बाद उसने अपनी बहन शिवा की भी हत्या कर दी और फिर खुद को गोली मारकर जान दे दी. 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मानस और दिव्या की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी. वहीं दोनों पिछले एक साल से ज्यादा समय से अलग रह रहे थे. दिव्या ने पिछले साल तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी. बताया जा रहा है कि समझौते के तहत उन्होंने करीब 1 करोड़ रुपये के गुजारा भत्ते की मांग की थी. 

पुलिस को कानूनी कार्यवाही से जुड़े मिले दस्तावेज

जांच के दौरान पुलिस को तलाक की कानूनी कार्यवाही से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं. इसके साथ ही यह भी सामने आया है कि घटना से दो दिन पहले ही इस मामले की अदालत में सुनवाई हुई थी. इस दौरान गुजारा भत्ते की रकम को लेकर भी बात हुई थी. अब जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इस विवाद का घटना से कोई सीधा संबंध था. 

बहन को लेकर भी होता था विवाद

बता दें, मानस की 28 वर्षीय बहन शिवा भी उसके साथ रहती थीं. बताया जा रहा है कि वह मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं. परिवार से जुड़े लोगों के अनुसार, शिवा के साथ रहने को लेकर मानस और दिव्या के बीच कई बार विवाद हुआ था. दिव्या की बहन प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया पर मानस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका दावा है कि मानस छोटी-छोटी बातों पर दिव्या के साथ मारपीट करता था. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि मानस को हथियार कहां से मिले.

घटना वाले दिन क्या हुआ था 

पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन मानस ने दिव्या को आईसीआईसीआई बैंक के बाहर मिलने के लिए बुलाया था. दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई और इसके बाद उसने कथित तौर पर दिव्या को गोली मार दी. वहीं अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद मानस अपने घर पहुंचा और अपनी बहन शिवा को भी गोली मार दी. कुछ देर बाद उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. पुलिस अब तलाक और गुजारा भत्ते के विवाद के साथ-साथ कथित घरेलू हिंसा, हथियारों की व्यवस्था और घटना से पहले किए गए व्हाट्सऐप स्टेटस की भी जांच कर रही है. 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here