पद्मश्री कृष्ण कन्हाई ने सीएम योगी को भेंट किया विशाल पोर्ट्रेट, आर्ट गैलरी आने का दिया निमंत्रण

0
11

मथुरा: ब्रज की पारंपरिक स्वर्ण चित्रकला को नई पहचान दिलाने में जुटे पद्मश्री से सम्मानित चित्रकार कृष्ण कन्हाई ने गुरुवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी कला का नमूना पेश करते हुए उनका चार गुणा छह फीट का विशाल पोर्ट्रेट भेंट किया। इसके साथ ही अपनी कला यात्रा और रचनात्मक कार्यों को समेटे करीब 250 पृष्ठों की कॉफी टेबल बुक भी भेंट की। कृष्ण कन्हाई की कलाकृति में उभरे चेहरे के भाव और बारीकियों ने मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।

मुलाकात के दौरान ब्रज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक स्वर्ण चित्रकला और भारतीय कला परंपराओं को बढ़ावा देने के विषय पर भी बातचीत हुई। कृष्ण कन्हाई ने अपनी विशिष्ट चित्रकारी के माध्यम से भारतीय संस्कृति और श्रीराधा-कृष्ण की लीलाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया है। उनकी कलाकृतियां ब्रज की धार्मिक आस्था और कलात्मक परंपरा का अनूठा संगम मानी जाती हैं। मुख्यमंत्री ने उनके कलात्मक प्रयासों की सराहना की और इस मुलाकात के दौरान प्रसन्नता व्यक्त की।

आर्ट गैलरी आने का न्योता, सीएम ने किया स्वीकार

इस अवसर पर कृष्ण कन्हाई ने मुख्यमंत्री को मथुरा-वृंदावन आगमन के दौरान नंदनवन स्थित कृष्ण कन्हाई आर्ट गैलरी आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने गैलरी में प्रदर्शित राधा-कृष्ण की लीलाओं पर आधारित चित्रों और प्राचीन भारतीय स्वर्ण चित्रकला की बारीकियों से अवगत कराने की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री ने उनका निमंत्रण स्वीकार कर लिया। इससे ब्रज की पारंपरिक चित्रकला और सांस्कृतिक धरोहर को व्यापक स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस दौरान युवा चित्रकार एवं कृष्ण कन्हाई के पुत्र अर्जुन कन्हाई भी मौजूद रहे।

Reported by: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here