गौतमबुद्धनगर: रंगमंच पर जब इतिहास ने अंगड़ाई ली, संगीत की गूंज के साथ राष्ट्रभक्ति का ज्वार उमड़ा और हर दृश्य ने मातृभूमि के प्रति समर्पण का संदेश दिया, तो पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। अवसर था महान साहित्यकार बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की कालजयी कृति ‘आनंदमठ’ के भव्य महानाट्य मंचन का। भारतेन्दु नाट्य अकादमी, लखनऊ की इस शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को भारतीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रचेतना से रूबरू कराया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के क्रम में तैयार इस महानाट्य का मंचन गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के सभागार संख्या-1 में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतेन्दु नाट्य अकादमी के पूर्व निदेशक दिनेश खन्ना, परियोजना निदेशक नेहा सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर तथा गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. सुशील कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मंच पर साकार हुआ इतिहास का गौरव
‘आनंदमठ’ केवल एक नाट्य प्रस्तुति नहीं, बल्कि त्याग, बलिदान, आत्मसम्मान, संगठन और मातृभूमि के प्रति अटूट निष्ठा की भावनात्मक गाथा बनकर सामने आया। कलाकारों के ओजस्वी संवाद, प्रभावशाली अभिनय और सामूहिक प्रस्तुति ने दर्शकों को इतिहास के उस दौर में पहुंचा दिया, जहां राष्ट्र के लिए समर्पण ही सबसे बड़ा धर्म था। भव्य मंच सज्जा, आकर्षक वेशभूषा, रूप सज्जा, दमदार संगीत, प्रकाश और ध्वनि के शानदार संयोजन ने हर दृश्य को जीवंत बना दिया। आधुनिक रंगमंचीय तकनीक और पारंपरिक कला के अनूठे संगम ने इस प्रस्तुति को विशेष बना दिया। कलाकारों की ऊर्जा, अनुशासन और अभिनय क्षमता ने शुरू से अंत तक दर्शकों को बांधे रखा।
नई पीढ़ी तक पहुंचेगी संस्कृति की विरासत
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और अधिकारियों ने भारतेन्दु नाट्य अकादमी के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय साहित्य, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महानाट्य को सफल बनाने में कलाकारों, निर्देशकीय दल, संगीत एवं प्रकाश विभाग, मंच सज्जा, वेशभूषा, रूप सज्जा और तकनीकी सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। अकादमी ने कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रोत्साहन देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया।
Reported By: Pankaj Rai











