मथुरा: जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने मंगलवार को राजीव भवन स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों और पटलों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई और कार्यालयों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि शासकीय कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर जनसुनवाई सुनिश्चित करें।
कई विभागों का निरीक्षण, लंबित मामलों पर सख्ती
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला निर्वाचन कार्यालय, उपायुक्त मनरेगा सहित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विभागीय कार्यों, अभिलेखों के रखरखाव और लंबित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यालयों में साफ-सफाई के साथ अभिलेखों को व्यवस्थित रखा जाए। फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
समय पर आएं अफसर, परिसर में सुधरेगी व्यवस्था
डीएम ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी अधिकारी अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं और निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहें। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजीव भवन परिसर के कुछ हिस्सों में रंगाई-पुताई कराने, पार्क को हरा-भरा बनाने और उसके चारों ओर रेलिंग लगवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा पुराने और जीर्ण-शीर्ण फर्नीचर को निष्प्रयोज्य घोषित करने के लिए भी कहा।
प्रेरणा कैंटीन की तारीफ, अस्पतालों में भी खुलेंगी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजीव भवन के मुख्य द्वार पर संचालित प्रेरणा कैंटीन में चाय पी और वहां उपलब्ध व्यंजनों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा संचालित यह कैंटीन महिलाओं की आजीविका का अच्छा माध्यम बन रही है। जनपद के सभी 10 विकासखंडों में प्रेरणा कैंटीन संचालित हैं। इनमें शुद्ध, स्वच्छ, पौष्टिक और घरेलू व्यंजन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। डीएम ने कहा कि प्रेरणा कैंटीन को मॉडल के रूप में लेते हुए अस्पतालों में भी ऐसी कैंटीन खुलवाने की कार्यवाही की जाएगी, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को पौष्टिक भोजन मिल सकेगा और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ समेत कई अफसर रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, परियोजना निदेशक डीआरडीए अरुण कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मोहित कुमार बघेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Reported By: Prem Kaushik












