बैंक में शार्ट सर्किट से लगी आग, फर्नीचर और बिजली उपकरण जले

0
9

मथुरा: छाता क्षेत्र के तरौली गांव में बुधवार देर रात भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना में बैंक के अंदर रखा कुछ फर्नीचर और बिजली उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।

ग्रामीणों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

अकबरपुर-शेरगढ़ मार्ग स्थित बैंक की शाखा में रात करीब दो बजे अचानक आग लग गई। उस समय बैंक बंद था और कर्मचारी घर जा चुके थे। आग लगने के बाद बैंक में लगा जनरेटर बार-बार बंद और चालू होने लगा। इसकी आवाज सुनकर पास में रहने वाले ग्रामीण विजय को कुछ गड़बड़ी होने का संदेह हुआ। उन्होंने बिना देर किए शाखा प्रबंधक हेमंत कुमार को फोन कर सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण वकील ने भी बिजली आपूर्ति बंद कराई, जिससे आग पर काबू पाने में मदद मिली।

शाखा प्रबंधक और ग्रामीणों ने पानी डालकर बुझाई आग

सूचना मिलने पर शाखा प्रबंधक रात करीब तीन बजे बैंक पहुंचे। ताला खोलकर अंदर देखा तो आग लगी हुई थी। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर पानी की मदद से आग बुझाई। घटना की जानकारी मिलने पर छाता पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आग से बैंक में रखा कुछ फर्नीचर और बिजली उपकरण जलकर खराब हो गए। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

12 अक्टूबर को ही नए भवन में शिफ्ट हुई थी शाखा

गौरतलब है कि एसबीआई की यह शाखा पहले तरौली गांव के मुख्य बाजार में संचालित होती थी। बीते 12 अक्टूबर को इसे अकबरपुर-शेरगढ़ मार्ग स्थित नए भवन में स्थानांतरित किया गया था। बुधवार शाम करीब सात बजे शाखा प्रबंधक बैंक बंद कर घर चले गए थे। देर रात हुई घटना की जानकारी बैंक के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। आग लगने से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here