मथुरा: ब्रज की कला, संस्कृति और लोक परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए 23 अक्टूबर से ब्रज रज उत्सव का आयोजन किया जाएगा। धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में दो नवंबर तक चलने वाले उत्सव में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं, वृंदावन के स्वामी हरिदास जी प्रेक्षागृह में 23 से 28 अक्टूबर तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शिल्प मेला, फूड कोर्ट, झूले, जॉय राइड्स, लोक कलाओं और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
जिलाधिकारी की बैठक में तैयारियों की समीक्षा
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक में उत्सव की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे ग्राउंड में उत्सव के आयोजन के लिए आवश्यक अनुमति समय से प्राप्त कर ली जाए। नगर आयुक्त को मैदान की लेवलिंग और साफ-सफाई कराने, जबकि लोक निर्माण विभाग को संपर्क मार्गों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण और नगर निगम के अधिकारियों को सभी स्ट्रीट लाइट चालू रखने को कहा गया। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ मैदान के आसपास बिजली के तारों और ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
रेलवे ग्राउंड में कलाकारों की प्रस्तुतियां
रेलवे ग्राउंड में 23 अक्टूबर को मधुरम डिवोशनल बैंड, 24 अक्टूबर को ईशान मिश्रा का सूफी गायन, 25 अक्टूबर को रसिक वैष्णव का ब्रजरस भजन कंसर्ट और 26 अक्टूबर को रूट्स नादात्म बैंड की प्रस्तुति होगी। 27 अक्टूबर को गजेंद्र प्रताप सिंह, 28 अक्टूबर को इशिता विश्वकर्मा और 29 अक्टूबर को लखवीर सिंह लक्खा प्रस्तुति देंगे। 30 अक्टूबर को अतुल पंडित, 31 अक्टूबर को पद्मश्री रामदयाल की नौटंकी, एक नवंबर को अभय विश्वकर्मा का म्यूजिकल बैंड और दो नवंबर को बैकस्टेज सिवलिंग की प्रस्तुति प्रस्तावित है।
स्वामी हरिदास जी प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक कार्यक्रम
वहीं, स्वामी हरिदास जी प्रेक्षागृह में 23 अक्टूबर को सांसद हेमा मालिनी की नृत्य नाटिका ‘गंगा’ का मंचन होगा। 25 अक्टूबर को सौरभ राज जैन ‘मेरे कृष्ण’ नाटक प्रस्तुत करेंगे। 26 अक्टूबर को गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी, वृंदावन की ओर से रासलीला का मंचन किया जाएगा। 27 अक्टूबर को शिवानी मिश्रा ‘कलर्स ऑफ यूपी’ की प्रस्तुति देंगी।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के निर्देश
जिलाधिकारी ने नगर निगम और वन विभाग के अधिकारियों को बंदरों से श्रद्धालुओं एवं दर्शकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए। एसपी सिटी और एसपी यातायात को सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात सुचारु रखने की योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने रूट डायवर्जन की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
अग्निशमन, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाओं के निर्देश
मुख्य अग्निशमन अधिकारी को मेला क्षेत्र में पर्याप्त अग्निशमन वाहन, अग्निशमन यंत्र और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने को कहा गया। इसके अलावा पार्किंग, पेयजल के लिए टैंकर, अस्थायी शौचालय, प्रतिदिन साफ-सफाई और फॉगिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस, चिकित्सा शिविर, मेडिकल टीम और नजदीकी अस्पतालों की मैपिंग करने को कहा गया। उत्सव में स्वयं सहायता समूहों, एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी), खादी ग्रामोद्योग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच प्रतियोगिताएं आयोजित करने के साथ उन्हें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अवसर दिया जाएगा।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में नगर आयुक्त ओजस्वी राज, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन., मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, एसपी यातायात राजेश कुमार तिवारी, विकास प्राधिकरण के सचिव आशीष कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Reported by: Prem Kaushik











