कान्हा की नगरी में भाजपा का सियासी चक्रव्यूह, 2027 चुनाव पर होगा महामंथन

0
11

मथुरा: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा ने सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। अयोध्या और काशी के बाद अब पार्टी की नजर कान्हा की नगरी मथुरा पर है। इसी रणनीति के तहत भाजपा का शीर्ष नेतृत्व 16 और 17 नवंबर को मथुरा में दो दिवसीय चिंतन बैठक करेगा। बैठक में पार्टी के 35 से 40 वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। 17 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बैठक में मौजूद रहेंगे।

बैठक का एजेंडा 

दो दिनों तक चलने वाली इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन होगा। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों पर भी चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि भाजपा नेतृत्व इस बैठक के जरिए ब्रज क्षेत्र में पार्टी की राजनीतिक पकड़ का आकलन करने के साथ आगामी चुनाव के लिए नई रणनीति तैयार करेगा।

बैठक के राजनीतिक मायने

भाजपा की इस बैठक को महज संगठनात्मक गतिविधि के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर और काशी में विश्वनाथ धाम के बाद मथुरा को लेकर
पार्टी की बढ़ती सक्रियता के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान का मुद्दा लंबे समय से भाजपा की वैचारिक और राजनीतिक प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। ऐसे में कृष्ण नगरी में राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री समेत शीर्ष नेताओं का जुटना प्रदेश की राजनीति में अहम संदेश देने की कोशिश माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री के पिछले दौरे से जुड़ाव

इसी वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर दर्शन-पूजन किया था। इस दौरान उन्होंने अयोध्या और काशी की तर्ज पर मथुरा के भव्य विकास का संकेत दिया था। इसके बाद से ही ब्रज क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और विकास योजनाओं को लेकर चर्चाएं तेज हैं। अब भाजपा की चिंतन बैठक को मुख्यमंत्री के उस राजनीतिक और विकास संबंधी संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी कृष्ण नगरी के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में भी सियासी संदेश देने की तैयारी में है। बैठक में धार्मिक और सांस्कृतिक मुद्दों के साथ किसान, जातीय समीकरण, क्षेत्रीय राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन की मौजूदा स्थिति पर भी चर्चा हो सकती है। चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाने और संगठन को सक्रिय करने की रणनीति भी तैयार की जा सकती है।

बैठक स्थल और पुष्टि  

फिलहाल बैठक के आयोजन स्थल को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। वृंदावन के चंद्रोदय मंदिर और परखम स्थित दीनदयाल धाम को संभावित स्थलों के रूप में देखा जा रहा है। स्थान चयन को लेकर संगठन स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 16 और 17 नवंबर को बैठक होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी इसमें शामिल होंगे।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here