अमित शाह और सीएम योगी ने किया UP इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन, 96 लाख MSME इकाइयों को मिलेगा फायदा

0
6
UP International Trade Show
X @AnaadiTVUPUK

नई दिल्ली: ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुक्रवार को एक बड़े आयोजन की शुरुआत हो गई। यहां उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो यानी यूपीआइटीएस के चौथे संस्करण का शुभारंभ किया गया, जो अगले पांच दिनों तक चलेगा। इस भव्य कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिलकर किया।

उद्घाटन समारोह के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच पर आपस में बातचीत करते हुए भी नजर आए। इस साल के आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि पहली बार ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम जैसे देश साझेदार देश के तौर पर इस ट्रेड शो में हिस्सा ले रहे हैं।

बढ़ेंगे व्यापार और निवेश के मौके

इन देशों की भागीदारी से प्रदेश को व्यापार साझेदारी, तकनीकी सहयोग, सोर्सिंग और निवेश के साथ-साथ नए बाजारों तक अपने उत्पाद पहुंचाने के भरपूर मौके मिलेंगे। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय और घरेलू खरीदारों की बीटूबी बैठकों तथा सेक्टोरल नीति सत्रों के जरिए भी प्रदेश में निवेश की नई संभावनाएं खुलेंगी। इस पूरे आयोजन से पहले गुरुवार को प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री भूपेन्द्र चौधरी ने पत्रकार वार्ता कर यूपीआइटीएस की तैयारियों और इसके लक्ष्यों की जानकारी साझा की थी।

करोड़ों लोगों तक पहुंचेगा फायदा

मंत्री भूपेन्द्र चौधरी ने बताया कि यूपीआइटीएस प्रदेश के उद्यमियों, निर्माताओं, निर्यातकों और कारोबारियों को देश-दुनिया के बाजारों से जोड़ने का एक बड़ा मंच साबित होगा। इस आयोजन में 2,400 से ज्यादा प्रदर्शक, 1.5 लाख से अधिक बीटूबी खरीदार और आगंतुक, साथ ही 4.5 लाख से ज्यादा सामान्य दर्शकों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके अलावा 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।

प्रदेश में तेजी से बढ़ रहा है MSME सेक्टर

बता दें कि प्रदेश में इस समय 96 लाख से भी ज्यादा एमएसएमई इकाइयां मौजूद हैं। सरकार ऐसा माहौल तैयार करने में जुटी है, जिसमें ये उद्यम लगातार आगे बढ़ सकें, नवाचार कर सकें और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मुकाबला कर सकें। यूपीआइटीएस के जरिए स्थानीय उद्यमों को बाजार तक पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ निवेश, कारोबार विस्तार और रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की दिलचस्पी लगातार बढ़ती दिख रही है।

अब तक कुल 72 देशों के विदेशी खरीदार इस ट्रेड शो के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। होस्टेडबायर प्रोग्राम के माध्यम से असली खरीदारों, आयातकों, वितरकों, रिटेलर्स और सोर्सिंग एजेंट्स को इस मंच से जोड़ा जा रहा है। इस बार ट्रेड शो में वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट पहल के साथ-साथ वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन को भी खास पहचान दी जाएगी, जिसके तहत प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजन और खाद्य विरासत को देश-दुनिया के सामने पेश किया जाएगा। इस मौके पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील और जिलाधिकारी मेधा रुपम समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here