NEET UG Exam: क्या पहन कर जाएं और क्या नहीं? इन 10 नियमों को भूलकर भी न करें नजरअंदाज

0
9
NEET UG Exam
AI Generated Image

नई दिल्ली: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है. यह परीक्षा 21 जून को देश भर में आयोजित की जाएगी और इसमें लगभग 22.7 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए, एनटीए ने सभी अभ्यर्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और अपुष्ट जानकारियों से दूर रहें और केवल आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी पर ही भरोसा करें. परीक्षा का समय दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगा, लेकिन परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा जांच और प्रवेश की प्रक्रिया सुबह 11:00 बजे से शुरू हो जाएगी. दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र के भीतर प्रवेश नहीं दिया जाएगा.

5 लाख सुरक्षाकर्मी और कड़ा कानून

इस परीक्षा के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. 5 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी और 6,000 से ज्यादा निरीक्षक तैनात किए गए हैं. लोक परीक्षा अधिनियम, 2024 को कड़ाई से लागू किया जाएगा, जिसके तहत पेपर लीक या नकल के मामलों में संलिप्त पाए जाने पर 10 वर्ष तक की कठोर जेल और 1 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है. 

लाइव फोटोग्राफी की जाएगी

परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के समय अभ्यर्थियों का आधार-आधारित बायोमेट्रिक, फेस रिकग्निशन और लाइव फोटोग्राफी की जाएगी. प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए परीक्षा शुरू होने से महज 45 मिनट पहले वरिष्ठ अधिकारियों की सीधी निगरानी में सीलबंद ट्रंक खोले जाएंगे. इसके अतिरिक्त, प्रश्नपत्र तैयार करने वाले विशेषज्ञों को पूरी तरह से इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क से रहित सुरक्षित और गोपनीय कमरों में रखा गया है.

इस बार हुए तीन मुख्य बदलाव

एनटीए ने इस बार की परीक्षा में कुछ महत्वपूर्ण नीतिगत और ढांचागत बदलाव किए हैं. जिन पर अभ्यर्थियों को विशेष ध्यान देना चाहिए. अभ्यर्थियों को प्रश्न हल करने के लिए कुल 195 मिनट का समय दिया जाएगा. रफ कार्य के लिए आवंटित पन्नों की संख्या को दो से बढ़ाकर अब चार कर दिया गया है. रफ पेज अब बुकलेट में आगे और पीछे दोनों ओर प्रिंटेड मिलेंगे. जिससे बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों को रफ कार्य करने में अत्यधिक सुविधा होगी.

महत्वपूर्ण गाइडलाइंस और सख्त नियम

नीट ड्रेस कोड

परीक्षा कक्ष में प्रवेश के लिए एनटीए ने कपड़ों को लेकर बेहद कड़े नियम बनाए हैं. लड़कों को आधी बाजू की शर्ट या टी-शर्ट और साधारण पैंट या ट्राउजर पहनकर आना होगा. बड़े बटन, अत्यधिक चेन या मैटेलिक सजावट वाली जींस पहनने की सख्त मनाही है. महिला अभ्यर्थी आधी बाजू की कुर्ती या टॉप पहन सकती हैं. लंबी बाजू के कपड़े या ऊनी वस्त्र पहनने की अनुमति विशेष परिस्थितियों में ही मिलेगी, जिसके लिए केंद्र पर काफी पहले रिपोर्ट करना होगा. परीक्षा केंद्र के भीतर किसी भी प्रकार के जूते पहनने की अनुमति नहीं है. परीक्षार्थी केवल चप्पल या कम हील वाली सैंडल ही पहन सकते हैं. इसके अतिरिक्त हेयर बैंड, बेल्ट, स्कार्फ, टोपी, कड़ा, ताबीज, अंगूठी, कान के बुंदे, नाक की लौंग, गले का हार या ब्रेसलेट जैसे तमाम मैटेलिक और गैर-मैटेलिक आभूषण पहनकर आने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा.

आवश्यक दस्तावेजों की सूची

  • पेन भी एनटीए द्वारा केंद्र पर ही उपलब्ध कराया जाएगा. 
  • नीट एडमिट कार्ड की दो कॉपियां और भरा हुआ सेल्फ डिक्लेरेशन/अंडरटेकिंग फॉर्म.
  • एडमिट कार्ड पर निर्धारित स्थान पर पासपोर्ट साइज फोटो लगा होना चाहिए.
  • उपस्थिति पत्रक पर चिपकाने के लिए अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटो (व्हाइट बैकग्राउंड के साथ).
  • एडमिट कार्ड के साथ डाउनलोड किए गए प्रोफार्मा पर पोस्टकार्ड आकार (4X6) की फोटो अनिवार्य रूप से चिपकी होनी चाहिए. जिसे परीक्षा हॉल में निरीक्षक को सौंपना होगा. इसके बिना प्रवेश वर्जित रहेगा.
  • एक मूल वैध फोटो पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या वोटर आईडी कार्ड.
  • छात्र चाहें तो अपने साथ एक पारदर्शी पानी की बोतल ले जा सकते हैं.

पारंपरिक और धार्मिक पोशाक के लिए नियम

यदि कोई अभ्यर्थी अपनी सांस्कृतिक परंपरा, आस्था या धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कोई विशेष पोशाक (जैसे हिजाब, पगड़ी या कृपाण आदि) पहनकर आ रहा है, तो उसे गहन सुरक्षा जांच के लिए रिपोर्टिंग समय से डेढ़ घंटे पहले यानी दोपहर 12:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा.

ओएमआर शीट भरने के विशेष नियम

ओएमआर शीट की जांच कंप्यूटर द्वारा की जाती है. इसलिए इसे भरने में सावधानी बरतनी होगी. परीक्षा केंद्र पर दिए गए केवल काले बॉल पॉइंट पेन से ही गोलों को पूरी तरह और गहरा भरें. प्रत्येक प्रश्न के लिए केवल एक ही विकल्प का चयन करें. ओएमआर शीट पर टिक या क्रॉस का निशान न लगाएं। गोलों को आधा-अधूरा न छोड़ें और शीट पर किसी भी प्रकार की ओवरराइटिंग या कटिंग करने से बचें.

टॉयलेट ब्रेक और मौसम का पूर्वानुमान

परीक्षा के शुरुआती 30 मिनट और अंतिम 30 मिनट के दौरान किसी भी छात्र को टॉयलेट ब्रेक नहीं दिया जाएगा. यदि कोई छात्र बीच में टॉयलेट ब्रेक लेता है, तो कक्षा में दोबारा प्रवेश करने से पहले उसकी पूरी सुरक्षा जांच दोबारा की जाएगी. देश के कई हिस्सों में इस समय आंधी, तूफान और भारी बारिश की आशंका बनी हुई है, इसलिए एनटीए ने सभी परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पूर्व अपने क्षेत्र के मौसम का हाल अवश्य देख लें.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here