नोएडा: शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सड़कों पर सुरक्षा का पहरा और सख्त कर दिया है। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में शुक्रवार को नोएडा के सेक्टर-20 थाना क्षेत्र के बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस ने विशेष पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त प्रथम नोएडा रवि शंकर पुलिस बल के साथ खुद मैदान में उतरे। उन्होंने बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पैदल भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों को परखा और पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। इस पूरी कार्रवाई का उद्देश्य आम नागरिकों, व्यापारियों और बाजारों में आने-जाने वाले लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
गश्त के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संदिग्ध दिखाई देने वाले वाहनों को बैरिकेडिंग लगाकर रोककर उनकी गहन जांच की जाए। यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त न की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही सभी पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच सके। पुलिस अधिकारियों का संदेश साफ है कि सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं होगी। बाजारों से लेकर सड़कों तक पुलिस की निगरानी जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त नजर रखी जाएगी।
Reported By: Pankaj Rai












