हिसार: श्री नृसिंह प्रहलाद रामलीला (दशहरा) सभा, मुल्तानी चौक, हिसार के तत्वावधान में आज नई सब्जी मंडी में भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक भगवान श्रीराम की महिमा का गुणगान किया गया और प्रांगण में रावण, मेघनाथ तथा कुंभकर्ण के विशाल पुतलों का दहन किया गया।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने प्रेरणा दी
इस अवसर पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि दशहरा पर्व हमें धर्म, नैतिकता और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने आह्वान किया कि आज के दिन हम सभी को केवल पुतले दहन करने तक सीमित न रहकर समाज में फैली विभिन्न सामाजिक बुराइयों और कुरीतियों को भी जड़ से समाप्त करने का संकल्प लेना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने श्री नृसिंह दशहरा सभा को 5 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। समारोह के दौरान आतिशबाजी और श्रीराम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा तथा शहरवासियों ने भारी संख्या में पहुंचकर महोत्सव का आनंद लिया। समारोह में नगर निगम हिसार के मेयर प्रवीण पोपली, वन विकास निगम के चेयरमैन रवि सैनी, पूर्व मेयर गौतम सरदाना, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, अशोक मित्तल, अजयकांत जांगड़ा, अभिषेक शर्मा सहित सभा के तमाम पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Reported By: Praveen Kumar












