नई दिल्ली: राजधानी में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए रोहिणी जिला पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। विशेष स्टाफ की टीम ने कंझावला इलाके में जाल बिछाकर कथित रूप से अवैध शराब की आपूर्ति में शामिल 22 वर्षीय युवक मुस्तफा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 110 पेटी यानी करीब 5,500 पौवे अवैध शराब बरामद किए हैं। शराब की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही मारुति ईको कार को भी जब्त कर लिया गया है।
खुफिया सूचना पर बिछाया जाल, गाड़ी रोकते ही खुला राज
रोहिणी जिला डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसी अभियान के तहत विशेष स्टाफ की टीम को कंझावला थाना क्षेत्र में अवैध शराब की खेप ले जाए जाने की विश्वसनीय सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और यूईआर-द्वितीय कंझावला के पास घेराबंदी कर संदिग्ध मारुति ईको कार को रोक लिया।वाहन चालक की पहचान मुस्तफा निवासी रामलीला मैदान के पास स्थित झुग्गी बस्ती नरेला उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से 110 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और कंझावला थाने में प्राथमिकी संख्या 523/26 के तहत मामला दर्ज किया।
इंस्पेक्टर संदीप गोडारा की टीम ने संभाला मोर्चा
यह कार्रवाई इंस्पेक्टर संदीप गोडारा प्रभारी विशेष स्टाफ रोहिणी के नेतृत्व में तथा सहायक पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन) अजमेर सिंह की निगरानी में की गई। टीम में उपनिरीक्षक सुमित सहायक उपनिरीक्षक नवदीप, रवि, प्रदीप, राकेश और जितेंद्र तथा सिपाही सागर शामिल रहे।
आपूर्ति श्रृंखला तक पहुंचेगी जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी।











