नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोने की तस्करी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें तस्करी के लिए शातिराना तरीका अपनाया गया। विदेश से पहुंचे एक भारतीय यात्री ने सोने के पेस्ट को अपने मोजों के भीतर छिपा रखा था ताकि सीमा शुल्क अधिकारियों की नजरों से बचकर उसे भारत में लाया जा सके। हालांकि कस्टम अधिकारियों की सतर्कता ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया। तलाशी के दौरान छिपाकर रखा गया सोना बरामद कर लिया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब 85.77 लाख रुपये आंकी गई है।
मस्कट से आते ही कस्टम के शिकंजे में यात्री
सीमा शुल्क विभाग ने बताया कि यात्री ओमान के मस्कट से उड़ान संख्या डब्ल्यूवाई-241 के जरिए दिल्ली के आईजीआई हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर पहुंचा था। इससे पहले उसने संयुक्त अरब अमीरात के दुबई से उड़ान संख्या डब्ल्यूवाई-612 के माध्यम से मस्कट तक यात्रा की थी। हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क की कार्रवाई के दौरान यात्री को रोककर उसकी व्यक्तिगत तलाशी ली गई। इस दौरान उसके मोजों के भीतर छिपाए गए दो आयताकार पैकेट बरामद हुए। पैकेटों का कुल वजन आवरण और छिपाने वाली सामग्री सहित 725 ग्राम था।
परीक्षण में निकला 587 ग्राम शुद्ध सोना
स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में दोनों पैकेटों से सामग्री निकालने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद एक पीले रंग की धातु की छड़ बरामद हुई। हवाई अड्डे पर स्थापित कैरेट मापक यंत्र से जांच करने पर सोने का वजन 587 ग्राम और शुद्धता 100 प्रतिशत दर्ज की गई। बरामद सोने का निर्धारित टैरिफ मूल्य 76,20,434 रुपये तथा कुल बाजार मूल्य 85,76,657 रुपये आंका गया।
सोना जब्त, जांच जारी
विभाग ने सीमा शुल्क अधिनियम 1962 की धारा 110(1) के तहत सोना जब्त कर लिया। यात्री ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि सोना दुबई से लाया गया था और उसे सीमा शुल्क अधिकारियों के समक्ष घोषणा किए बिना तथा लागू शुल्क चुकाए बिना भारत में लाने के उद्देश्य से छिपाया गया था। मामले में आगे की जांच जारी है।
Reported by: Pankaj Rai












