नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है. मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश और ओडिशा समेत 10 से ज्यादा राज्यों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है. कई जगहों पर बारिश के साथ तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी है. पहले से बाढ़ की मार झेल रहे इलाकों में नई बारिश परेशानी बढ़ा सकती है.
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 8 सितंबर को आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. दिल्ली-NCR के कई इलाकों में पिछले दिनों हल्की से मध्यम बारिश हुई है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आई है. मंगलवार को भी कुछ जगहों पर बूंदाबांदी होने की संभावना है. अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
यूपी-बिहार में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. यूपी के अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी हिस्सों में मुख्य रूप से बादल छाए रह सकते हैं. बिहार में भी कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. राज्य के कुछ इलाके पहले से बाढ़ प्रभावित हैं, ऐसे में बारिश से मुश्किलें बढ़ सकती हैं.
ओडिशा, झारखंड और बंगाल में तेज बारिश
पूर्वी भारत के मैदानी और तटीय क्षेत्रों में भी मौसम बिगड़ने की संभावना है. ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवाओं के साथ आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है.
पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश
अरुणाचल प्रदेश, असम, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय और त्रिपुरा में भारी से अति भारी बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने इन इलाकों में तेज हवाओं, आंधी और आकाशीय बिजली को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है.
दक्षिण भारत में जारी रहेगा बारिश का दौर
दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी बारिश का सिलसिला बना रहेगा. तेलंगाना में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.












