त्योहारों की भीड़ में जाम पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का वार, दोपहिया गश्त से सड़कों पर रफ्तार का पहरा!

0
9

नई दिल्ली: त्यौहारों का मौसम बाजारों में खरीदारों की भीड़ और सड़कों पर वाहनों का बढ़ता दबाव, ऐसे में कहीं जाम त्योहारों की रौनक फीकी न कर दे इसी चुनौती से निपटने के लिए दिल्ली यातायात पुलिस ने कमर कस ली है। त्योहारों के दौरान राजधानी की सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात क्षेत्र-एक की मोटरसाइकिल इकाई ने मोर्चा संभाल लिया है। सुबह और शाम के व्यस्त समय में प्रमुख सड़कों तथा संवेदनशील मार्गों पर दोपहिया गश्त तेज कर दी गई है ताकि जाम की समस्या पर समय रहते काबू पाया जा सके और आम लोगों का सफर आसान बना रहे।

जाम के हर मोर्चे पर मुस्तैद खाकी

दिल्ली यातायात पुलिस की मोटरसाइकिल इकाई उन मार्गों पर विशेष निगरानी रख रही है, जहां वाहनों का दबाव बढ़ने से यातायात प्रभावित होने की आशंका रहती है। लाल जगत नारायण मार्ग भगवान महावीर मार्ग, जीटी करनाल रोड, अक्षरधाम रोड, मुर्गा मंडी से पेपर मार्केट रोड, खजूरी चौक से गोकुलपुरी फ्लाईओवर रोड, मॉल रोड और सुभाष पार्क से टी-प्वाइंट छत्ता रेल मार्ग पर गश्त बढ़ाई गई है।

Reported By: Pankaj Rai

इसके अलावा हनुमान मंदिर से पीली कोठी रोड, तीस हजारी से कश्मीरी गेट रोड तथा खन्ना मार्केट सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर भी यातायात की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। व्यस्त चौराहों, भीड़भाड़ वाले हिस्सों और यातायात के लिहाज से संवेदनशील स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जाम दिखते ही सक्रिय होगी टीम

त्योहारों के दौरान सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने से यातायात की रफ्तार प्रभावित हो सकती है। ऐसे में मोटरसाइकिल पर तैनात यातायात कर्मी सड़कों पर लगातार निगरानी कर रहे हैं। जहां भी वाहनों की आवाजाही बाधित होने या जाम की स्थिति बनने की आशंका होगी वहां तत्काल हस्तक्षेप कर यातायात को व्यवस्थित करने का प्रयास किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य सड़क पर अव्यवस्था को कम करना अनावश्यक देरी रोकना और वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना है।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त का संदेश

यातायात क्षेत्र-एक की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विजयंत गोयल आर्य के नेतृत्व में दिल्ली यातायात पुलिस त्योहारों के दौरान प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने सड़क पर अनुशासन बनाए रखने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की है। त्योहार मनाइए नियम निभाइए और जाम से बचकर मंजिल तक पहुंचिए। दिल्ली यातायात पुलिस की कोशिश है कि राजधानी की सड़कों पर त्योहारों का उल्लास बना रहे और लोगों का सफर सुरक्षित सुगम तथा सुविधाजनक हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here