इंस्टाग्राम पर ठगी का जाल, अमेजन के नाम पर खेल, फर्जी डिलीवरी एजेंट बनकर 14 बार कराया भुगतान; मास्टरमाइंड समेत दो गिरफ्तार

0
7

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर सस्ते सामान का लालच देकर लोगों की जेब खाली करने वाले अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का दक्षिण जिला साइबर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इंस्टाग्राम पर फर्जी शॉपिंग पेज बनाकर ग्राहकों को फंसाने और फिर अमेजन का डिलीवरी एजेंट बनकर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड और उसके साथी को पुलिस ने दिल्ली और जयपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीड़िता से ठगी गई 1 लाख 3 हजार 973 रुपये की पूरी रकम बरामद कर वापस करा दी है।

999 रुपये के बैग के ऑर्डर से शुरू हुई ठगी

दक्षिण जिला डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि मालवीय नगर निवासी एक महिला ने इंस्टाग्राम पर @s.bucketlist.store नाम के पेज से 999 रुपये का बैग ऑर्डर किया था। इसके बाद ठगों ने व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क किया और खुद को अमेजन का डिलीवरी एजेंट बताकर ऑफर सत्यापन, प्रोसेसिंग शुल्क और रिफंड सक्रिय करने के नाम पर बार-बार भुगतान कराया। इस तरह महिला से 14 यूपीआई लेनदेन के जरिए 1,03,973 रुपये ठग लिए गए। मामले में 12 जुलाई 2026 को साइबर थाना दक्षिण में प्राथमिकी दर्ज की गई।

तकनीकी जांच से जयपुर तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों, व्हाट्सऐप चैट और तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की। इसके बाद गिरोह की कड़ियां जयपुर तक पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से जमवारामगढ़ से 20 वर्षीय अजय मीणा को गिरफ्तार किया। इसके बाद गिरोह के कथित मास्टरमाइंड 32 वर्षीय अशोक कुमार मीणा को 23 नवंबर को दिल्ली से दबोच लिया गया।

गेमिंग प्लेटफॉर्म के QR कोड से छिपाते थे ठगी की रकम

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी फर्जी इंस्टाग्राम शॉपिंग पेज बनाकर ग्राहकों को व्हाट्सऐप पर भुगतान के लिए भेजते थे। इसके बाद फर्जी पहचान पत्र और डिलीवरी एजेंट बनकर दोबारा रकम वसूलते थे। ठगी की रकम को ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के क्यूआर कोड और गेमिंग आईडी के जरिए इधर-उधर करके पैसों के लेनदेन को छिपाया जाता था।

चार मोबाइल, फर्जी दस्तावेज और सात शॉपिंग पेजों का डाटा बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, फर्जी पैन और आधार कार्ड, अमेजन का नकली पहचान पत्र, क्यूआर कोड और सात फर्जी इंस्टाग्राम शॉपिंग पेजों का डिजिटल डाटा बरामद किया है। इसके अलावा 57 संभावित शिकार लोगों के मोबाइल नंबरों की सूची और नौ अन्य पीड़ितों से जुड़ी चैट भी मिली हैं। पुलिस अब देशभर में इनके अन्य शिकारों की पहचान करने में जुटी है।

इंस्पेक्टर हंसराज स्वामी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

इस कार्रवाई में एसआई दुष्यंत, हेड कांस्टेबल तरुण कुमार, संदीप कुमार, महिला हेड कांस्टेबल पूजा और हेड कांस्टेबल सुरेश (टीएसयू) शामिल रहे। टीम ने इंस्पेक्टर हंसराज स्वामी के नेतृत्व तथा एसीपी ऑपरेशंस बलराम सिंह बेनीवाल की निगरानी में कार्रवाई को अंजाम दिया।

 

Reported By: Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here