दो टाटा ऐस में भरकर दिल्ली पहुंच रही थी पटाखों की खेप, अलीपुर के गोदाम से भी निकला 751 किलो माल

0
11

नई दिल्ली: त्योहारी मौसम में राजधानी को दहला सकने वाले अवैध पटाखों के बड़े जखीरे पर दिल्ली पुलिस ने शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बाहरी उत्तरी जिले की एएचटीयू टीम ने हरियाणा से दिल्ली की ओर यूईआर-2 बवाना के रास्ते लाई जा रही पटाखों की बड़ी खेप को पकड़ लिया। पुलिस ने दो वाहनों को रोककर करीब 1,350 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए। इसके बाद पूछताछ और जांच का दायरा बढ़ा तो अलीपुर स्थित एक गोदाम तक पुलिस पहुंची, जहां से 751 किलोग्राम अतिरिक्त पटाखे बरामद किए गए। पूरी कार्रवाई में कुल करीब 2,101 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त किए गए हैं।

पहले सड़क पर रोकी दो गाड़ियां, फिर खुला गोदाम का राज

बाहरी उत्तरी जिला डीसीपी शोभित डी. सक्सेना ने बताया कि एएचटीयू/बाहरी उत्तर जिला टीम को विशेष सूचना मिली थी कि हरियाणा की तरफ से बड़ी मात्रा में पटाखों की खेप दिल्ली लाई जा रही है। सूचना को पुख्ता करने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और यूईआर-2 बवाना के चिन्हित मार्ग पर पुलिस टीम ने रणनीतिक तरीके से निगरानी शुरू कर दी। जैसे ही संदिग्ध वाहन वहां पहुंचे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो टाटा ऐस वाहनों को रोका। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से लगभग 1350 किलो अवैध पटाखे बरामद हुए। दोनों वाहनों के चालकों को पुलिस ने पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने केवल वाहन पकड़ने तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी बल्कि बरामद खेप के स्रोत और उसके भंडारण स्थल का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ाई।

जांच आगे बढ़ी तो अलीपुर में मिला पटाखों का दूसरा ठिकाना

पूछताछ और लगातार की गई जांच के दौरान पुलिस को अलीपुर इलाके में स्थित एक अतिरिक्त भंडारण स्थल की जानकारी मिली। इसके बाद एएचटीयू टीम ने जेडएमएच चौक के पास जीत फार्म हाउस अलीपुर स्थित एक गोदाम पर छापा मारा। तलाशी के दौरान गोदाम से करीब 751 किलो अतिरिक्त पटाखे बरामद हुए। पुलिस के अनुसार यह माल मनोज कुमार (34) के कब्जे से मिला। इस तरह वाहनों और गोदाम से बरामद कुल अवैध पटाखों की मात्रा करीब 2101 किलो तक पहुंच गई।

तीन लोग पुलिस की गिरफ्त में

इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा है। इनमें अमित गुप्ता (42)निवासी बिंदापुर उत्तम नगर, जो टाटा ऐस का चालक था, सुनील (42) निवासी बिंदापुर उत्तम नगर दूसरा टाटा ऐस चालक बताया गया है और मनोज कुमार (34) निवासी तिलक नगर जिसे पुलिस ने गोदाम से बरामद पटाखों के सिलसिले में पकड़ा है। पुलिस ने कार्रवाई में पटाखों के परिवहन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे दो टाटा ऐस वाहन भी जब्त किए हैं।

एफआईआर दर्ज, पूरे नेटवर्क की तलाश

इस मामले में एफआईआर संख्या 549/26, दिनांक 02.10.2026 के तहत थाना एनआईए में भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(बी)/3(5) तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है। अब पुलिस की नजर इस अवैध पटाखा नेटवर्क की पूरी कड़ी पर है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पटाखे कहां से खरीदे गए इनका वास्तविक मालिक कौन है इन्हें कहां पहुंचाया जाना था और इनके परिवहन भंडारण तथा वितरण में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में चला ऑपरेशन

पूरी कार्रवाई बाहरी उत्तरी जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-I लोकश्वरन आर के मार्गदर्शन और एसीपी/एएचटीयू श्याम सुंदर की निगरानी में की गई। अभियान का नेतृत्व निरीक्षक प्रमोद कुमार प्रभारी एएचटीयू बाहरी उत्तर जिला ने किया। टीम में एसआई संजीत एसआई जगबीर, एएसआई सिद्धार्थ छिल्लर, एएसआई संजय, एएसआई महेश, हेड कांस्टेबल अमित, हेड कांस्टेबल संदीप और हेड कांस्टेबल राकेश शामिल रहे।

त्योहार की खुशियों में अवैध पटाखों से रहें दूर

दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनधिकृत या अवैध पटाखे न खरीदें न उनका भंडारण करें और न ही उनका परिवहन या इस्तेमाल करें। पुलिस ने लोगों से अवैध पटाखों के भंडारण या परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक त्योहारों के दौरान अवैध पटाखों के भंडारण परिवहन और वितरण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि राजधानी में त्योहारों का माहौल सुरक्षित और शांतिपूर्ण बना रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here