दीपावली पर रेलवे आरक्षण कार्यालयों के समय में बदलाव, कहीं आंशिक सेवा तो कहीं रहेगा ताला

0
12

नई दिल्ली: दीपावली के त्योहार पर यदि आप रेल यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो टिकट आरक्षण कराने से पहले यह खबर जरूर पढ़ लें। उत्तर रेलवे ने आठ नवंबर रविवार को दीपावली के अवसर पर दिल्ली क्षेत्र के विभिन्न यात्री आरक्षण केंद्रों के संचालन में बदलाव की घोषणा की है। इसके तहत कुछ कार्यालयों में सीमित सेवाएं मिलेंगी जबकि कई केंद्र शाम की पाली में और कुछ पूरे दिन बंद रहेंगे।

तीन प्रमुख केंद्रों पर मिलेगी आंशिक सेवा

उत्तर रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार आईआरसीए भवन दिल्ली जंक्शन और हजरत निजामुद्दीन स्थित आरक्षण कार्यालय शाम की पाली में शाम छह बजे तक आंशिक सेवाएं प्रदान करेंगे। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी जरूरत के अनुसार समय रहते आरक्षण संबंधी कार्य निपटा लें।

15 केंद्रों पर शाम की पाली में बंद रहेंगे काउंटर

सरोजिनी नगर, कीर्ति नगर, शकूर बस्ती, दिल्ली शाहदरा, गाजियाबाद, कड़कड़डूमा, ओखला, नोएडा, तुगलकाबाद, सब्जी मंडी, आदर्श नगर, लाजपत नगर, रोहिणी, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान और आईआरसीए भवन स्थित अंतरराष्ट्रीय पर्यटक ब्यूरो के आरक्षण केंद्र दोपहर दो बजे से रात आठ बजे तक बंद रहेंगे। हालांकि, इन केंद्रों पर सुबह की पाली में सामान्य रूप से कामकाज जारी रहेगा।

छह केंद्रों पर पूरे दिन नहीं होगा काम

संसद भवन, प्रेस क्लब ऑफ इंडिया, रेलवे बोर्ड, उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालय और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय स्थित आरक्षण केंद्र पूरे दिन बंद रहेंगे। उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि दीपावली के दौरान किसी भी असुविधा से बचने के लिए आरक्षण कार्यालयों के निर्धारित समय को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा की तैयारियां करें।

Reported by: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here