आस्था के महापर्व से पहले मुनक नहर का होगा कायाकल्प, छठ घाटों पर दिखेगी विकास और सुंदरता की नई तस्वीर

0
9

नई दिल्ली: छठ महापर्व की आस्था सूर्य उपासना की परंपरा और दिल्ली के विकास को एक नई पहचान देने की दिशा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुनक नहर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। शनिवार को सिंगलपुर स्थित प्रेमबाड़ी पुल के निकट पहुंचीं मुख्यमंत्री ने छठ घाटों के निर्माण, सौंदर्यीकरण, हरित क्षेत्रों के विकास और आसपास की नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक संदेश दिया कि विकास कार्य केवल कागजों पर पूरे दिखने के लिए नहीं, बल्कि जमीन पर अपनी गुणवत्ता, उपयोगिता और सुंदरता से लोगों का भरोसा जीतने के लिए होने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व से पहले घाटों के निर्माण और सौंदर्यीकरण का काम निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और कमियां मिलने पर तत्काल सुधार करने के निर्देश भी दिए।

गंदगी और अव्यवस्था से सुंदरता की ओर बढ़ेगा मुनक नहर क्षेत्र

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मुनक नहर क्षेत्र को स्वच्छ सुंदर और सुव्यवस्थित स्वरूप देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना के लिए घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में पूजा स्थलों का स्वच्छ सुरक्षित और सुविधाजनक होना बेहद जरूरी है। सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण मिले और क्षेत्र की पहचान एक व्यवस्थित धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थल के रूप में स्थापित हो।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाटों के निर्माण में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। जहां निर्माण कार्य अधूरे हैं उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य जनता को सुविधा देना है, इसलिए हर कार्य में स्थानीय जरूरतों और आम लोगों की सहूलियत को ध्यान में रखा जाना चाहिए।

हरियाली, आकर्षक लैंडस्केपिंग और खूबसूरत डिजाइन पर जोर

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने हरित क्षेत्रों और पौधरोपण की योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधे लगाने की औपचारिकता निभाने के बजाय पूरे क्षेत्र की जरूरतों, उपलब्ध स्थान और सुंदरता को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित योजना तैयार की जाए। मुख्यमंत्री ने हरित पट्टियों के विकास पौधों की उचित व्यवस्था और आकर्षक लैंडस्केपिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा। उनका जोर इस बात पर रहा कि मुनक नहर क्षेत्र का विकास एक समग्र योजना के तहत हो, जिसमें हरियाली, सड़क, फुटपाथ, पुल और छठ घाट एक-दूसरे के पूरक बनें। बेहतर डिजाइन और सुनियोजित निर्माण से क्षेत्र को अधिक आकर्षक बनाने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

रोशनी से जगमगाएंगे घाट, सजावट से बढ़ेगी पर्व की रौनक

छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने घाटों के आसपास की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने दीवारों की रंगाई-पुताई निर्माण कार्यों की फिनिशिंग, रास्तों की सफाई और अतिरिक्त निर्माण सामग्री तथा मलबे को हटाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि घाटों और उनके आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था होनी चाहिए। आवश्यक स्थानों पर आकर्षक रोशनी और झालरों की व्यवस्था की जाए ताकि छठ पर्व के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा वातावरण दिखाई दे। इसके साथ ही घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों, सीढ़ियों, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की भी जांच की जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तैयारियों का उद्देश्य केवल घाटों को सुंदर बनाना नहीं बल्कि वहां आने वाले लोगों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक व्यवस्था सुनिश्चित करना भी है।

सड़क और फुटपाथ निर्माण में जनता की सुविधा सर्वोपरि

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सड़क, फुटपाथ, पुल के आसपास के हिस्सों और यातायात व्यवस्था से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य स्थानीय जरूरतों और उपलब्ध जगह के अनुसार किए जाएं। अनावश्यक निर्माण से बचते हुए पैदल यात्रियों की सुरक्षा और यातायात के सुचारू संचालन को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में सभी संबंधित कार्यों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। सड़क निर्माण, हरित क्षेत्र, घाटों और पुल के आसपास की सुविधाओं को अलग-अलग देखने के बजाय एक समग्र योजना के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। तकनीकी समस्याओं का समाधान समय पर निकालकर निर्माण कार्यों को बिना अनावश्यक देरी के आगे बढ़ाया जाए।

कचरा और दुर्गंध पर लगाम, स्वच्छता व्यवस्था रहेगी मजबूत

मुख्यमंत्री ने मुनक नहर क्षेत्र में कचरा प्रबंधन को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों और फुटपाथों पर कचरा जमा होने, दुर्गंध फैलने और अव्यवस्थित तरीके से कचरा एकत्र करने जैसी समस्याएं नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कचरे के नियमित संग्रहण और उचित निस्तारण की व्यवस्था विकसित की जाए ताकि आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी न हो। निर्माण कार्यों के साथ-साथ सफाई व्यवस्था की भी लगातार निगरानी होनी चाहिए। स्वच्छता केवल त्योहार तक सीमित न रहे, बल्कि क्षेत्र की स्थायी व्यवस्था का हिस्सा बने।

आस्था, संस्कृति और विकास का संगम बनेगा छठ घाट

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व दिल्ली की सांस्कृतिक पहचान और जनआस्था से गहराई से जुड़ा है। यह पर्व सूर्यदेव और छठी मैया के प्रति श्रद्धा, अनुशासन, स्वच्छता और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक है। सरकार की जिम्मेदारी है कि श्रद्धालुओं को पूजा के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया जाए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएं और तैयारियों में कोई कमी न रहे। मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश है कि विकास की पहचान केवल नई इमारतों और निर्माण कार्यों से नहीं, बल्कि जनता को मिलने वाली सुविधाओं और उनके अनुभव से होती है। मुनक नहर क्षेत्र में चल रहे कार्यों के माध्यम से छठ घाटों को बेहतर स्वरूप देने, हरियाली बढ़ाने, सफाई व्यवस्था मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं में सुधार करने पर जोर दिया जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि निर्धारित समय-सीमा में ये तैयारियां किस तरह धरातल पर उतरती हैं और छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं को कितनी बेहतर सुविधाएं मिलती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here