CJP के प्रदर्शन से पहले बड़ा एक्शन! यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम से पुलिस ने लिया हिरासत में

0
12
YouTuber Dhruv Rathi
X/@bindass_ladki

नई दिल्ली: सीजेपी के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से ठीक पहले यूट्यूबर ध्रुव राठी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत लौटने के दो दिन के भीतर ही उन्हें गुरुग्राम स्थित उनके घर से पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस की टीम सेक्टर-56 स्थित केंद्रीय विहार में उनके आवास पर पहुंची थी। उस समय उनकी मां भी घर पर मौजूद थीं। रिपोर्ट्स में पुलिस टीम में करीब 50 सदस्यों के होने का दावा किया गया है। हालांकि, इस पूरे मामले पर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

ध्रुव राठी 8 अक्टूबर को भारत पहुंचे थे। इसके बाद वह बेंगलुरु में आयोजित उस प्रदर्शन में शामिल हुए, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ विरोध जताया गया था। 9 अक्टूबर की रात वह दिल्ली पहुंचे और इंडिया गेट भी गए। यहां से उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था। इसके बाद वह गुरुग्राम स्थित अपने घर चले गए। बताया जा रहा है कि शनिवार को उन्हें दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले सीजेपी के विरोध प्रदर्शन में शामिल होना था।

ध्रुव राठी की नागरिकता को लेकर उठे सवाल

इस बीच यूट्यूबर की नागरिकता और भारत में उनके प्रवास को लेकर भी विवाद सामने आया है। बेंगलुरु के पूर्व पुलिस आयुक्त भास्कर राव ने 8 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन में ध्रुव राठी की भागीदारी पर सवाल उठाते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय से जांच कराने की मांग की थी। केंद्रीय गृह सचिव को लिखे पत्र में राव ने कहा कि राठी के जर्मनी का नागरिक होने की बात कही जाती है। उन्होंने प्रदर्शन में अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राज सहित अन्य लोगों के साथ हिस्सा लिया था। इस दौरान निर्वाचन आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर आलोचना की गई थी।

नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की मांग

राव ने अपने पत्र में सवाल उठाया कि भारत में किसी विशेष वीजा या अनुमति के आधार पर रह रहा विदेशी नागरिक संवैधानिक और कानूनी संस्थाओं से जुड़े राजनीतिक प्रदर्शन में भाग ले सकता है या नहीं। उन्होंने गृह मंत्रालय से राठी की नागरिकता, भारत आने के लिए इस्तेमाल किए गए पासपोर्ट, वीजा की श्रेणी और देश में रहने की अनुमति से जुड़ी शर्तों की जानकारी जुटाने का अनुरोध किया।

पूर्व पुलिस आयुक्त ने यह भी जांचने की मांग की कि क्या ध्रुव राठी को प्रदर्शन में शामिल होने या उसे संबोधित करने की अनुमति थी और क्या इसके लिए पहले से मंजूरी जरूरी थी। उन्होंने कहा कि यदि विदेशी अधिनियम, वीजा शर्तों, आव्रजन नियमों, ओसीआई नियमों या अन्य लागू कानूनों का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। हालांकि, राठी की नागरिकता और वीजा को लेकर लगाए गए सवालों पर किसी आधिकारिक निष्कर्ष की जानकारी सामने नहीं आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here