हाथ पकड़ा, गालियां दी, मारने की भी कोशिश! जमुई के बाद अब समस्तीपुर में नाबालिग लड़की के साथ हैवानियत, 4 आरोपी गिरफ्तार

0
6
Samastipur Viral Video Shows Girl Harassed
X @TimesNow

पटना: बिहार के जमुई में 10वीं की छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में पुलिस कार्रवाई अभी थमी भी नहीं थी कि राज्य के एक और हिस्से से इसी तरह की शर्मनाक घटना सामने आ गई है। इस बार मामला समस्तीपुर जिले का है, जहां एक लड़की के साथ सरेआम छेड़खानी की गई। वीडियो में दो-तीन युवक न सिर्फ लड़की को गलत तरीके से छू रहे हैं, बल्कि गाली-गलौज और बदसलूकी भी करते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह रही कि आसपास खड़े लोग यह सब होते देख हंसते रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एक बार फिर महिला सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।

जगतसिंहपुर गांव की घटना

जानकारी के मुताबिक, यह घटना समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव की है। बांध बाइपास रोड पर कुछ युवकों ने लड़की के साथ छेड़खानी और अभद्र व्यवहार किया। बुधवार देर शाम वीडियो वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। दरअसल वायरल 56 सेकेंड के इस वीडियो में लड़की सड़क पर खड़ी दिखती है, जिसे कुछ युवक परेशान कर रहे हैं। एक युवक बार-बार उसका हाथ पकड़ता है, विरोध करने पर मारने की कोशिश भी करता है। लड़की बार-बार खुद को छोड़ने और भाई को बुलाने की बात कहती है, लेकिन युवक बेखौफ नजर आते हैं।

चारों आरोपी गिरफ्तार

गुरुवार सुबह पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। सदर DSP के मुताबिक वीडियो के आधार पर पहचान कर कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार शर्मा और राहुल कुमार शामिल हैं, दोनों जगतसिंहपुर के ही निवासी हैं। विकास पर पहले से शराब से जुड़े मामले भी दर्ज हैं।

कैसे हुई घटना?

लड़की एक युवक के साथ बाइपास रोड से गुजर रही थी और फोटो खींचने रुकी थी, तभी कुछ युवकों ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। किसी ने यह पूरा वाकया मोबाइल में कैद कर लिया, जो बाद में वायरल हो गया। एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि मामला अतिसंवेदनशील है और आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस वीडियो की सत्यता और घटनास्थल की पुष्टि कर आगे की जांच में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here