नई दिल्ली: गणेशोत्सव के मौके पर बप्पा को उनका मनपसंद भोग अर्पित करने की चाहत हर भक्त के मन में होती है। ऐसे में सूजी और केले से तैयार यह शीरा एक बेहद खास और पारंपरिक महाप्रसाद माना जाता है। भुनी हुई सूजी में पके हुए केले और शुद्ध देसी घी का मेल जब दूध में पककर तैयार होता है, तो इसकी खुशबू पूरे घर को महका देती है। इलायची और तुलसी पत्ते का स्पर्श इसे और भी पवित्र बना देता है। आइए नीरा शर्मा की बताई इस आसान विधि से जानते हैं कि घर पर बिल्कुल दानेदार और रसीला शीरा कैसे बनाया जाए।
सबसे पहले एक कड़ाही में एक कप शुद्ध देसी घी डालकर धीमी आंच पर पिघलाएं। घी पिघलने के बाद इसमें एक कप सूजी डाल दें और लगातार चलाते हुए धीमी-मध्यम आंच पर तब तक भूनें, जब तक उसमें से हल्की खुशबू न आने लगे और रंग सुनहरा न हो जाए।
मेवे और केला डालकर बढ़ाएं स्वाद
सूजी हल्की भुनने के बाद इसमें कटे हुए काजू-बादाम जैसे दो से तीन बड़े चम्मच ड्राई फ्रूट्स मिलाएं और इन्हें भी सूजी के साथ ही घी में भून लें, इससे मेवे कुरकुरे बनते हैं। अब इसमें एक पका हुआ मैश किया हुआ केला डालें और एक-दो मिनट तक भूनें। गरम घी में केला नरम होकर शीरे को रसीला और सुगंधित बना देता है।
दूध डालकर पकाएं
अब इसमें धीरे-धीरे करीब डेढ़ कप गुनगुना दूध डालें और साथ ही कड़ाही को लगातार चलाते रहें, ताकि गुठलियां न बनें। सूजी दूध सोखकर जल्दी ही फूलने और दानेदार होने लगेगी। जब सूजी सारा दूध सोख ले, तब स्वादानुसार चीनी मिलाएं। शुरुआत में मिश्रण पतला लगेगा, पर पकते ही गाढ़ा हो जाएगा। इसके बाद एक छोटा चम्मच इलायची पाउडर डालकर मिलाएं, जो शीरे की खुशबू को और बढ़ा देगा।
शीरे को तब तक पकाएं जब तक किनारों से घी अलग न होने लगे। गैस बंद कर इसे थाली में निकालें और ऊपर से भुने मेवे, केसर के धागे और तुलसी पत्ता डालकर सजाएं। बप्पा को अर्पित करने के बाद यह स्वादिष्ट प्रसाद भक्तों में बांटें।












