गर्लफ्रेंड को दूसरे युवक के साथ देखा तो हुआ विवाद, बोनट पर चढ़े युवक की दर्दनाक मौत

0
8
Raipur boyfriend death
Raipur boyfriend death

रायपुर: रायपुर में एक पुराने रिश्ते का अंत बेहद दर्दनाक तरीके से हुआ. करीब 3-4 साल से साथ रहे युवक और युवती के बीच शादी की बात भी चल रही थी, लेकिन एक दोस्त को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि युवक की जान चली गई. पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज किया है और आरोपी फरार बताया जा रहा है. मामला रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र का है. मृतक की पहचान टाटीबंध की उदया सोसायटी निवासी कारोबारी परमप्रीत सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि परमप्रीत और युवती लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे. दोनों के परिवार शादी के लिए भी तैयार थे.

घटना से पहले परमप्रीत ने अपनी गर्लफ्रेंड को उसके दोस्त भरत मंगनानी के साथ देखा था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. पहले कार में ही परमप्रीत और युवती के बीच बहस हुई. इसके बाद युवती भरत के साथ वहां से जाने लगी. परमप्रीत ने उन्हें रोकने की कोशिश की. मामला इतना बढ़ गया कि उसने भरत की कार को टक्कर मार दी. इसके बाद भरत ने कार आगे बढ़ा दी. इसी दौरान परमप्रीत कार के बोनट पर चढ़ गया. इसके बावजूद कार नहीं रुकी और आगे बढ़ती रही.

200 मीटर तक बोनट पर रहा युवक

पुलिस के अनुसार, कार करीब 200 मीटर तक चलती रही और परमप्रीत बोनट पर ही था. कुछ दूरी तय करने के बाद वह अचानक सड़क पर गिर गया. पुलिस का आरोप है कि उसके गिरने के बाद कार उसके ऊपर से निकल गई. हादसे में परमप्रीत के सिर में गंभीर चोट आई. राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. आमानाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में पड़े परमप्रीत को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई.

CCTV फुटेज से जांच में मिला सुराग

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. शुरुआती जांच में सामने आए घटनाक्रम के आधार पर पुलिस ने इसे सिर्फ सड़क हादसा नहीं माना और हत्या का मामला दर्ज कर लिया. पुलिस अब फुटेज और दूसरे सबूतों के आधार पर पूरी घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. पुलिस के मुताबिक, मामले में नामजद भरत मंगनानी फिलहाल फरार है. उसकी तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और आगे की जांच के बाद घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी. 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here