गुरुग्राम में चालानों का महाविस्फोट, एक दिन में 17,762 वाहन चालकों पर कार्रवाई; बिना नंबर प्लेट के 156 वाहन जब्त

0
1

गुरुग्राम: साइबर सिटी की सड़कों पर अब मनमानी नहीं चलेगी। यातायात नियमों को ठेंगा दिखाकर वाहन दौड़ाने वालों के खिलाफ गुरुग्राम यातायात पुलिस ने ऐसा अभियान चलाया कि एक ही दिन में चालान का आंकड़ा 17 हजार के पार पहुंच गया। गलत पार्किंग से लेकर रांग साइड ड्राइविंग और अपनी मर्जी से लेन बदलने वाले वाहन चालकों तक, पुलिस की कार्रवाई का दायरा व्यापक रहा। 28 नवंबर को चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान में कुल 17,762 चालान काटे गए, जबकि बिना नंबर प्लेट के चल रहे 156 वाहनों को जब्त कर लिया गया। यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से उन वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा, जो सड़कों पर नियमों की अनदेखी कर दूसरों की जान जोखिम में डालते हैं। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि सड़क पर लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गलत पार्किंग करने वालों पर सबसे बड़ी चोट

कार्रवाई के आंकड़ों पर नजर डालें तो गलत पार्किंग करने वाले वाहन चालकों के सबसे अधिक 4,120 चालान किए गए। वहीं रांग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ 1,446 चालान काटे गए। निर्धारित लेन का पालन नहीं करने और बार-बार अनावश्यक रूप से लेन बदलने वाले 1,328 वाहन चालक भी पुलिस की कार्रवाई की जद में आए। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर फर्राटा भर रहे 156 वाहनों को इंपाउंड किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सड़क पर सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था कायम करना है।

लापरवाही की कीमत पड़ सकती है भारी

यातायात पुलिस के अनुसार गलत पार्किंग से सड़कों पर जाम लगता है, रांग साइड ड्राइविंग आमने-सामने की टक्कर का खतरा बढ़ाती है और अचानक लेन बदलने से गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
गुरुग्राम यातायात पुलिस की टीम लगातार सड़कों पर निगरानी रख रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित लेन में चलने, सही स्थान पर पार्किंग करने, रांग साइड से बचने और स्पष्ट नंबर प्लेट लगाने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here