मसूरी में ब्रेक फेल होने से 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 4 लोगों की मौत

0
7

उत्तराखंड: मसूरी में रविवार सुबह एक भयावह सड़क दुर्घटना ने चार लोगों की जान ले ली. देहरादून-मसूरी मार्ग पर झड़ीपानी रोड के बार्लोगंज चौकी क्षेत्र में एक मारुति सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार सभी चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं.

सूचना मिलते ही बचाव कार्य शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना की सूचना सुबह करीब 9:16 बजे आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से प्राप्त हुई थी.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना से कुछ समय पहले कार सवार लोग पास की एक दुकान पर रुके थे. उन्होंने वहां से कुछ सामान खरीदा और बातचीत के दौरान बताया था कि वे उत्तरकाशी से घूमकर वापस लौट रहे हैं. सामान लेने के बाद जैसे ही चारों लोग दिल्ली नंबर की सिलेरियो कार में सवार हुए, सड़क पर मौजूद तीखी ढलान के दौरान वाहन के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया.

प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या कहा? 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक ने कार को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार से नीचे की ओर बढ़ रही गाड़ी काबू से बाहर हो गई. वाहन सड़क किनारे स्थित एक खाली भूखंड को पार करता हुआ सीधे गहरी खाई में जा गिरा. खाई की गहराई और दुर्गम भौगोलिक स्थिति के कारण राहत कार्य में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा.

पुलिस ने मृतकों की पहचान कर ली है. हादसे में जान गंवाने वालों में हरियाणा के सोनीपत निवासी सत्यप्रकाश, 19 वर्षीय मनीत, गाजियाबाद की सविता और दिल्ली के करोलबाग क्षेत्र की रहने वाली संगीता शामिल हैं. प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है.

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि बचाव दल लगातार खाई में उतरकर शवों को बाहर निकालने का काम कर रहा है. मौके पर एसपी सिटी और मसूरी के क्षेत्राधिकारी भी मौजूद रहे और रेस्क्यू अभियान की निगरानी करते रहे. शुरुआती जांच में दुर्घटना का सबसे बड़ा कारण वाहन के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here