मुंबई: सलमान खान का स्टारडम ऐसा है कि उनकी फिल्म चाहे कैसी भी हो, बॉक्स ऑफिस पर भीड़ जुट ही जाती है। लेकिन पिछले कुछ सालों से फैंस का एक ही सवाल है – भाई का वो पुराना वाला कमबैक कब होगा? हाल ही में एक इंटरव्यू में सलमान ने खुद इस मुद्दे पर खुलकर बात की। उन्होंने माना कि उन्हें पता है कि लोग क्या कह रहे हैं। उनकी टीम उन्हें सब बताती रहती है।
सलमान ने कहा, आजकल मैं देख रहा हूं, मेरी टीम भी बताती है। लोग कह रहे हैं कि हमें भाई वापस चाहिए। उन्होंने अच्छी फिल्में की हैं, लेकिन पिछली 5-6 फिल्मों में क्या हो गया भाई? भाई की एनर्जी नहीं रही, भाई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे। भाई को अपने दोस्तों की नहीं सुननी चाहिए, भाई ये, भाई वो। उन्होंने आगे कहा कि लोगों को उनकी आने वाली फिल्म मातृभूमि से भी काफी उम्मीदें थीं। लोगों ने सोचा था कि इस फिल्म से भाई का कमबैक होगा, लेकिन ट्रेलर देखने के बाद कई लोग फिर से ट्रोल करने लगे और बोले कि अभी अगली फिल्म में देखते हैं, ये वाली शायद नहीं चलेगी।
ट्रोल्स को दिया करारा जवाब
अपने ऊपर लगातार सवाल उठाने वालों को सलमान ने अपने अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, बोल रहे हैं, अच्छी बात है। बोलो, भाई की वजह से आप लोग सोशल मीडिया पर दिखाई तो दे रहे हो। सलमान ने कहा, भाई की वजह से, उनकी बुराई करके आपको फॉलोअर्स तो आ रहे हैं। आपको एक रोजगारी मिल रही है। भाई को इससे कोई परेशानी नहीं है। आपको जो करना है करो, लेकिन अपने माता-पिता को दुख मत पहुंचाओ।
सलमान का यह बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। फैंस इसे उनका बिंदास अंदाज बता रहे हैं, तो कुछ लोग कह रहे हैं कि भाई को ट्रोल्स की बातों को गंभीरता से लेना चाहिए।
कब आ रही है मातृभूमि?
इन दिनों सलमान अपनी फिल्म मातृभूमि को लेकर काफी चर्चा में हैं। इस फिल्म में उनके साथ चित्रांगदा सिंह नजर आएंगी। दोनों लगातार फिल्म का प्रमोशन कर रहे हैं। जल्द ही सलमान अपने शो बिग बॉस 20 पर भी फिल्म का प्रमोशन करते दिखेंगे। यह फिल्म 4 दिसंबर को रिलीज हो रही है। उसी दिन श्रद्धा कपूर की फिल्म ईठा भी आ रही है। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर बड़ा क्लैश देखने को मिलेगा। अब देखना यह है कि क्या मातृभूमि से सलमान फैंस की उम्मीदों पर खरे उतर पाते हैं और उनका वो पुराना कमबैक हो पाता है, जिसका इंतजार फैंस लंबे समय से कर रहे हैं।












