‘गनमास्टर जी9’ की शूटिंग के दौरान पलटी SUV, बाल-बाल बचे एक्टर इमरान हाशमी- देखें वीडियो

0
7

नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी अपनी आने वाली एक्शन फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ की शूटिंग के दौरान एक खतरनाक स्टंट को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के क्लाइमेक्स की शूटिंग का एक बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो सामने आया है। इसमें एक एसयूवी हवा में पलटकर नीचे खड़ी काली वैन से टकराती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि गाड़ी इमरान हाशमी के बेहद करीब से गुजरी। इस फुटेज के सामने आने के बाद शूटिंग के दौरान सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

स्टंट के वीडियो में क्या दिखा?

वीडियो में स्टंट की तैयारी करते हुए क्रू के सदस्य नजर आते हैं। जैसे ही काउंटडाउन शुरू होता है, क्रेन से जुड़ी एसयूवी हवा में उठती है और पलटते हुए नीचे खड़ी वैन की छत पर जा गिरती है। गाड़ी की तेज हलचल देखकर यह स्टंट काफी जोखिम भरा नजर आता है।

हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि वीडियो में दिखा घटनाक्रम फिल्म के लिए पहले से तय स्टंट का हिस्सा था या शूटिंग के दौरान कोई गड़बड़ी हुई। अब तक किसी के घायल होने की खबर भी सामने नहीं आई है। फिल्म की टीम ने इस मामले पर आधिकारिक बयान नहीं दिया है। शूटिंग की जगह के बारे में भी जानकारी नहीं मिली है।

क्या है ‘गनमास्टर जी9’ की कहानी?

आदित्य दत्त के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में इमरान हाशमी के साथ जेनेलिया देशमुख, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक सिंह भी नजर आएंगे। फिल्म में इमरान ने ईश्वर नाम के व्यक्ति का किरदार निभाया है, जो डेयरी फार्म का मालिक है और अपने प्यार की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। फिल्म की पहली झलक अगस्त में जारी की गई थी। इसे 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की योजना है।

इससे पहले जून में हरिद्वार में फिल्म की शूटिंग के दौरान भी विवाद सामने आया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेट पर ‘बार और कैफे’ लिखा बोर्ड देखकर कुछ स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद निर्माता दीपक मुकुट ने स्पष्ट किया कि किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था। बातचीत के बाद मामला सुलझने की बात कही गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here