नई दिल्ली: दलीप ट्रॉफी 2026 के पहले सेमीफाइनल में ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन के बीच मुकाबला खेला जा रहा है. बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड-1 में हो रहे इस मैच में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा. हालांकि, वह शतक पूरा करने से महज 8 रन दूर रह गए और 92 रन बनाकर आउट हुए.
92 रनों की पारी में लगाए 14 बाउंड्री
वैभव ने अपनी पारी में 7 छक्के और 7 चौके लगाए. उन्होंने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की, लेकिन जल्द ही आक्रामक अंदाज में नजर आने लगे. दूसरे ओवर में यश ठाकुर की गेंदों पर लगातार दो चौके लगाकर उन्होंने अपनी पारी को रफ्तार दी.
इसके बाद वैभव ने खराब गेंदों का पूरा फायदा उठाया और मैदान के चारों तरफ शॉट लगाए. उनकी बल्लेबाजी के दौरान एक समय उन्हें जीवनदान भी मिला. 40 रन के निजी स्कोर पर यश राठौड़ ने उनका कैच छोड़ दिया. इस मौके का फायदा उठाते हुए वैभव ने अपनी पारी को और बड़ा कर दिया.
दलीप ट्रॉफी में जड़ा पहला अर्धशतक
वैभव ने पारी के 15वें ओवर में स्पिनर सारांश जैन की गेंद पर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया. यह दलीप ट्रॉफी में उनका पहला अर्धशतक रहा. इससे पहले उन्होंने नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ अपने डेब्यू मुकाबले में सिर्फ 8 रन बनाए थे
हालांकि, 92 रन पर पहुंचने के बाद वैभव अपनी पारी को शतक में नहीं बदल सके. इसके बावजूद उनकी शानदार बल्लेबाजी ने ईस्ट जोन को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
सेंट्रल जोन ने बनाए 266 रन
इस मुकाबले में ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी. सेंट्रल जोन की टीम अपनी पहली पारी में 266 रन पर सिमट गई. रिंकू सिंह ने 60 रन बनाए, जबकि आर्यन जुयाल ने 46 रनों की पारी खेली. यश ठाकुर ने नाबाद 30 रन बनाए.
ईस्ट जोन की ओर से मुकेश कुमार और अभिजीत सरकार ने तीन-तीन विकेट लिए. मोहम्मद शमी और मोहम्मद कौनैन कुरैशी को दो-दो सफलताएं मिली. वैभव की 92 रन की तेजतर्रार पारी ने मुकाबले को और रोमांचक बना दिया है.












