नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एनवीडिया प्रमुख जेन्सेन हुआंग की कंपनी में वापसी का जश्न एक अनोखे अंदाज में मनाया। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर बिना किसी लंबे बयान के एक एआई से बनाई गई तस्वीर साझा की। इसमें 2024 में उन पर हुए जानलेवा हमले के दौरान की मशहूर तस्वीर को बदलकर उनकी जगह हुआंग का चेहरा लगा दिया गया था।
तस्वीर में हुआंग का चेहरा खून से सना दिखाई दे रहा है। तस्वीर में उनके हाथ में लाल रंग की ब्रा भी दिखाई गई है। यह दृश्य जुलाई 2024 में पेंसिल्वेनिया की एक चुनावी रैली के दौरान ट्रंप पर हुए हमले के बाद का दृश्य याद दिलाता है। सीक्रेट सर्विस के जवान ट्रंप को मंच से सुरक्षित बाहर ले गए थे। उनके चेहरे पर खून था और उन्होंने मुट्ठी भींचकर हाथ ऊपर उठाया था। पीछे अमेरिकी झंडा नजर आ रहा था। यह तस्वीर उनके चुनाव अभियान की पहचान बनी।
एनवीडिया में हुआंग की वापसी
ट्रंप की यह पोस्ट एनवीडिया के बोर्ड द्वारा जेन्सेन हुआंग को कंपनी के अध्यक्ष, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और निदेशक के रूप में बहाल करने के फैसले के बाद आई। खबर में दावा किया गया है कि इससे पहले बोर्ड के चेयरमैन ने उनकी वापसी की किसी योजना से इनकार किया था। मूल रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग ने इस महीने की शुरुआत में पद छोड़ा था। इसकी वजह एलिस हुआंग और कंपनी की दो अन्य अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ कथित विवाहेतर संबंधों से जुड़े खुलासे बताए गए। रिपोर्ट में एलिस हुआंग पर चीनी जासूस होने का संदेह भी जताया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है।
ट्रंप ने बोर्ड के फैसले को सराहा
ट्रंप ने हुआंग को ‘राष्ट्रीय धरोहर’ बताते हुए एनवीडिया बोर्ड के फैसले की तारीफ की। उन्होंने कहा कि नेतृत्व में हुआंग की मौजूदगी अमेरिकी अर्थव्यवस्था की सफलता और तरक्की के लिए जरूरी है। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिकी सरकार के पास उनकी वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा होने का कोई कारण नहीं है।
बाद में सीएनबीसी से बातचीत में ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने खुद एनवीडिया के बोर्ड से हुआंग को वापस लाने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि एनवीडिया, दुनिया भर में एआई चिप की बड़ी आपूर्तिकर्ता है और अमेरिकी तकनीकी क्षेत्र में अहम भूमिका निभाती है। ऐसे में हुआंग का नेतृत्व जरूरी है।












