मथुरा: दीपावली पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने संयुक्त रूप से शहर के रामलीला मैदान और गोविंद नगर थाना क्षेत्र में लगाई गई पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकानों पर सुरक्षा मानकों की स्थिति परखी और अग्निशमन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अग्निशमन यंत्रों की जांच और विक्रेताओं को निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने पटाखा दुकानों पर उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों की जांच की। उन्होंने विक्रेताओं से अग्निशमन यंत्रों के संचालन की जानकारी ली और निर्देश दिए कि आपातकालीन स्थिति में आग पर काबू पाने के लिए सभी दुकानों पर अग्निशमन उपकरण चालू हालत में उपलब्ध रहें। अधिकारियों ने पटाखा विक्रेताओं को सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
निरंतर निगरानी और आपसी समन्वय के निर्देश
डीएम और एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि दीपावली के दौरान क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाए। भीड़भाड़ वाले इलाकों और पटाखा बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासनिक टीमें मुस्तैद रहें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाएं।












