खेत में पानी जाने के विवाद ने लिया खूनी रूप, चचेरे भाइयों ने पीट-पीटकर की 40 वर्षीय युवक की हत्या

0
9

अलीगढ़: गभाना थाना गभाना क्षेत्र के गांव भूपाल नगालिया में सोमवार सुबह खेत में पानी जाने को लेकर पुरानी रंजिश में 40 वर्षीय सोमवीर सिंह उर्फ सोनू की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने युवक पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी रेशमपाल सिंह का बड़ा बेटा सोमवीर दिल्ली में बिजली मिस्त्री का काम करता था। दीपावली मनाने के लिए वह रविवार रात करीब आठ बजे गांव आया था। सोमवार सुबह घर में खराब सबमर्सिबल पंप को ठीक कर रहा था। इसी दौरान किसी सामान की जरूरत पड़ने पर वह बाहर निकला। आरोप है कि पहले से घात लगाकर खड़े अर्जुन, प्रदीप और अर्जुन के बेटे अनुज ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए सोमवीर पास के घेर में पहुंचा, लेकिन हमलावरों ने वहां भी उसे नहीं छोड़ा।शोर सुनकर पिता रेशमपाल सिंह और परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी फरार हो गए। परिजन घायल सोमवीर को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना पर इलाका पुलिस के साथ एएसपी/सीओ सृष्टि जैन घटनास्थल पर पहुंचीं और परिजनों से जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए।मृतक की मां गुड़िया, पत्नी साधना, बेटियां इच्छा व परीक्षा और बेटे गोलू का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में एक ओर सोमवीर की हत्या का मातम छा गया, वहीं उसके भाई धीरज के घर सोमवार सुबह ही बेटी का जन्म हुआ था।

डेढ़ महीने से चल रहा था विवाद

परिजनों के अनुसार 16 सितंबर को रेशमपाल सिंह के भाई भंवरपाल सिंह के खेत का पानी उनके बड़े भाई विजेंद्र के बेटे अर्जुन के खेत में चला गया था। इसी बात को लेकर अर्जुन और उसके बेटे अनुज ने रेशमपाल सिंह के घर पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट की थी। घटना में दीपक और धीरज को चोटें आई थीं। इस मामले में 8 अक्टूबर को दीपक की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने उस समय शांति भंग की कार्रवाई की थी। अब इसी विवाद में सोमवीर की हत्या का आरोप लगाया गया है।

Reported by- Sandeep

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here