झारखंड में रोजगार का बड़ा तोहफा, 262 अभ्यर्थियों को सीएम हेमंत सोरेन सौंपेंगे नियुक्ति पत्र

0
33
CM Hemant Soren to hand over appointment letters to 262 candidates in Jharkhand
X: @HemantSorenJMM

रांची: झारखंड सरकार स्वास्थ्य और प्रशासनिक सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है. बता दें, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को विभिन्न विभागों में चयनित 262 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. इस संबंध में प्रोजेक्ट भवन सभागार में सुबह 11 बजे नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा.

कौन-कौन रहेगा कार्यक्रम में मौजूद 

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी समेत राज्य सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। वहीं नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थियों में 151 विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं. इसके अलावा खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, वरीय अस्पताल प्रबंधक और वित्त प्रबंधक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर चयनित उम्मीदवारों को भी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे. 

56 खाद्य पदाधिकारियों की हुई नियुक्ति

जानकारी के अनुसार, कुल 56 खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है. इन पदों पर चयन झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के माध्यम से किया गया है. बात दें, राज्य में लंबे समय से ये पद खाली पड़े थे, जिससे खाद्य गुणवत्ता और निगरानी संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे थे. अब नियमित नियुक्तियों के बाद खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता नियंत्रण को लेकर निगरानी व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद है. 

151 चिकित्सकों की नियुक्ति 

वहीं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत 151 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति अनुबंध के आधार पर की गई है.  चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें उनकी प्राथमिकताओं के अनुसार विभिन्न स्थानों पर पदस्थापित भी किया जा चुका है. नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद ये चिकित्सक अपने-अपने कार्यस्थलों पर योगदान देंगे। इन विशेषज्ञ डॉक्टरों को अनुबंध की शर्तों के अनुसार मानदेय दिया जाएगा, जो अधिकतम तीन लाख रुपये प्रतिमाह तक हो सकता है. 

मिलेगा निर्धारित मानदेय 

इसके अलावा 29 वरीय अस्पताल प्रबंधक और 26 वित्त प्रबंधकों की भी नियुक्ति की गई है. ये नियुक्तियां भी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत अनुबंध के आधार पर हुई हैं और उन्हें निर्धारित मानदेय मिलेगा. सरकार अस्पताल प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अस्पताल प्रबंधक और आईटी एग्जीक्यूटिव के पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है.  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here